हिन्दू राष्ट्र पोस्टर को लेकर रवीश कुमार ने किया पीएम मोदी से सवाल, 9 अगस्त को यह लागू हुआ तो हर घर तिरंगा अभियान का क्या होगा

हिन्दू राष्ट्र पोस्टर को लेकर रवीश कुमार ने किया पीएम मोदी से सवाल,  9 अगस्त को यह लागू हुआ तो हर घर तिरंगा अभियान का क्या होगा
August 07 14:29 2022

देश के जाने माने पत्रकार रवीश कुमार ने पीएम नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर पूछा कि अब अगर यह हुआ तो तिरंगा का क्या होगा?
माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, भारत सरकार, मुझे किसी ने ई-मेल से यह पोस्टर भेजा है कि लखनऊ के मेन पोलिटेकनिक चौराहे पर यह पोस्टर लगा हुआ है। मैंने वहाँ जाकर नहीं देखा है कि पोस्टर लगा है या नहीं। बस मान कर चल रहा हूँ कि भेजने वाले ने सही जानकारी दी होगी। ऐसे पोस्टर लगते भी रहते हैं। इस पोस्टर में भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने का आह्वान किया गया है।

पत्र इसलिए लिख रहा हूँ कि मनोज श्रीवास्तव और सुरेश प्रताप सिंह 9 अगस्त को जंतर मंतर पर भगवा क्रांति करना चाहते हैं। आप चाहते हैं कि हम सभी तिरंगा झंडा खऱीद कर घर-घर फहराएँ। लेकिन ये लोग तो कुछ और देश और संविधान बनाने की ताक में हैं। इनका झंडा भी तिरंगा नहीं है। कहीं ऐसा तो नहीं कि हम बाज़ार से तिरंगा लेकर आ रहे हैं और देश में झंडा ही बदल गया है। मनोज और सुरेश के आह्वान से मैं भ्रमित हो गया हूँ। मुझे एक और झंडा आता हुआ दिखाई दे रहा है जो तिरंगा से अलग है।

कृपया आप स्पष्ट करें कि हम 15 अगस्त के लिए तिरंगा झंडा खऱीदें या नहीं? अगर ये 9 अगस्त को भगवा क्रांति कर देंगे और देश को हिन्दू राष्ट्र बना देंगे तब तो करोड़ों लोग जो तिरंगा खऱीद रहे हैं, उनका पैसा तो बर्बाद हो जाएगा। मनोज और सुरेश फऱमान जारी कर देंगे कि लोग हिन्दू राष्ट्र का झंडा खऱीदें। सभी को खऱीदना ही पड़ेगा।

सूरत में व्यापारी दिन रात लगाकर तिरंगा झंडा बना रहे हैं। इधर लखनऊ के मनोज और सुरेश पोस्टर पर कोई और झंडा लगा रहे हैं। इससे तो गुजरात के व्यापारियों को घाटा हो जाएगा।अगर इन लोगों ने तिरंगा झंडा नहीं फहराया, पोस्टर में झंडा नहीं बदलवाया तब तो आपका घर-घर तिरंगा अभियान फेल हो जाएगा। पता चला हिन्दू राष्ट्र की क्रांति करने वालों ने तिरंगा फहराया ही नहीं।

आपसे विनती है कि आप मनोज श्रीवास्तव और सुरेश प्रताप सिंह के इस पोस्टर को संज्ञान में लेंगे। दोनों से बात कर 15 अगस्त तक के लिए भगवा क्रांति स्थगित करने के लिए कहेंगे। इनसे यह भी पूछें कि आपकी भगवा क्रांति में क्या कमी रह गई कि आज मनोज और सुरेश जैसे प्रखर युवाओं को अलग से भगवा क्रांति करनी पड़ रही है।

मेरी राय में आप मनोज और सुरेश को मनाएँ कि 15 अगस्त तक भारत को हिन्दू राष्ट्र न बनाएँ। तिरंगा झंडा की काफ़ी सेल हो चुकी है। लोगों को घाटा होगा। पहले वाले राष्ट्र के हिसाब से तिरंगा फहराने के अभियान को सफल होने दें। मनोज और सुरेश जैसे वीर राष्ट्र वादी युवा आपकी बात को नहीं टालेंगे।
आशा है आप ठीक होंगे।
आपका,
रवीश कुमार,
विश्व का पहला ज़ीरो टीआरपी ऐंकर

  Article "tagged" as:
  Categories:
view more articles

About Article Author

Mazdoor Morcha
Mazdoor Morcha

View More Articles