घरौंडा। गेहूं की आवक, लिफ्टिंग व अन्य व्यवस्थाओं को जांचने के लिए हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण नई अनाज मंडी पहुंचे। उन्होंने आढ़तियों, व्यापारियों व खरीद एजेंसियों से बातचीत की। इस दौरान आढ़तियों ने उनसे कहा कि अभी तक मंडी में बारदाना नहीं पहुंचा। इस पर विधायक ने अधिकारियों को फटकार लगाई और कहा कि बारदाने की व्यवस्था तुरंत होनी चाहिए।
आढ़तियों को आश्वासन देते हुए उन्होंने कहा कि आढ़तियों की दुकानों पर ही बारदाना पहुंचेगा और लिफ्टिंग का कार्य भी शुरू दिया गया है। किसान और आढ़तियों को किसी प्रकार की दिक्कत आने नहीं दी जाएगी। मंडी में विस अध्यक्ष ने सबसे पहले मार्केट कमेटी के सचिव चंद्र प्रकाश से मंडी की सभी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उसके बाद खरीद एजेंसी फूड एंड सप्लाई व हैफेड से गेहूं की खरीद की जानकारी ली। उसी दौरान आढ़तियों ने बारदाने व उठान संबंधित समस्या रखी। इसके बाद वे गेहूं की ढेरियों पर पहुंचे और किसानों से मिले। किसानों को आश्वासन दिया कि अगर मंडी में किसी प्रकार की दिक्कत आए तो वे अपनी बात उनके समक्ष रख सकते हैं। किसानों ने बताया कि इस बार गेहूं की गुणवत्ता व उत्पादन बहुत अच्छा है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि किसानों के सोने की खरीद के लिए सभी व्यवस्था पूरी हो चुकी है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सरकार की ओर से घोषित भाव पर खरीद समय पर की जाए। उन्होंने मंडी के अधिकारियों व कर्मचारियों को खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने और जल्द से जल्द मंडी से उठान करवाने के लिए भी निर्देश दिए। इस दौरान मंडी बोर्ड के सचिव चंद्र प्रकाश, डीएम हैफेड उधम सिंह, मंडी एसोसिएशन के प्रधान महेंद्र कुमार हैप्पी, पूर्व प्रधान सुशील, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक राजेश मौजूद रहे।