कुर्की की कार्रवाई रहेगी जारी, डिफाल्टर संस्थान जल्द जमा करवाएं सम्पत्ति कर करनाल । नगर निगम की सम्पत्ति कर डिफाल्टरों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई के बाद अब बकायादारा अपना सम्पत्ति कर भरने में रूचि दिखा रहे हैं। इसके तहत मंगलवार को अटैचमेंट की गई 2 प्रॉपर्टी मालिकों ने 7 लाख 66 हजार रुपये बकाया सम्पत्ति कर नगर निगम में जमा करवा दिया है, जबकि एक अन्य बकायादारा द्वारा भी कार्रवाई से पहले सम्पत्ति कर जमा करवाया गया है। यह जानकारी नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि सम्पत्तियों की कुर्की करने की कार्रवाई नगर निगम द्वारा बकाया राशि वसूल करने के लिए की जाती है। अगर सम्पत्ति धारक प्रत्येक वित्त वर्ष में समय से अपना सम्पत्ति कर जमा करवाते रहें, तो इस तरह की कार्रवाई की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने स्पष्टï किया कि अगर सम्पत्ति मालिक प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने में रूचि नहीं लेंगे, तो उन पर कार्रवाई निश्चित रूप से की जाएगी। इन बकायादारों ने भरा सम्पत्ति कर- उन्होंने बताया कि अस्पताल चौक स्थित बीकानेर भोजनालय द्वारा 3 लाख 88 हजार रुपये तथा सेक्टर-7 स्थित एस.सी.ओ. मालिक द्वारा 3 लाख 78 हजार रुपये बकाया कर का भुगतान कर दिया गया है। इन दोनों की सील खोल दी गई है। अब इन सम्पत्तियों पर नीलामी की कार्रवाई नहीं की जाएगी। इसके अतिरिक्त नेशनल हाईवे-44 स्थित म्यूर ढाबा के पास इंडियन ऑयल पेट्रोल पम्प मालिक द्वारा भी कुर्की की कार्रवाई से बचने के लिए 1 लाख 54 हजार रुपये सम्पत्ति कर का भुगतान किया गया है।
तीनो बकायादारों द्वारा कुल 9 लाख 20 हजार रुपये सम्पत्ति कर का भुगतान किया गया है। निगमायुक्त ने बताया कि डिफाल्टर सम्पत्ति धारकों को नगर निगम की ओर से नोटिस जारी किए जा चुके हैं। अब कार्रवाई की बारी है। उन्होंने बताया कि कुर्की की अगली कार्रवाई में निजी स्कूल, कोचिंग सेंटर व अस्पताल इत्यादि वाणिज्यिक संस्थानों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि अभी डिफाल्टर संस्थानों के पास कुछ समय है। यह जल्द ही सम्पत्ति कर का भुगतान कर कुर्की की कार्रवाई से बच सकते हैं।