करनाल (जेके शर्मा) शहर में चोरी में चोरियों की वारदात बढ़ती जा रही है। घंटाघर चौक पर चोरों ने आधी रात को एक वारदात को अंजाम देने से पहले चतुराई दिखाते हुए दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे का मुंह दूसरी तरफ घुमा दिया, परंतु पास की दुकान के कैमरे में उनकी हरकतें रिकॉर्ड हो गई।
घंटाघर चौक पर चोरों ने आधी रात को एक इलेक्ट्रिकल दुकान का शटर तोड़कर लगभग 60 हजार रुपये की नकदी और एक लाख रुपये से ज्यादा का सामान व टीवी आदि पर हाथ साफ कर दिया। दुकानदार मोहन अग्रवाल ने इसकी शिकायत सिटी पुलिस को दे दी है। अग्रवाल इलेक्ट्रिकल्स के मालिक मोहन अग्रवाल के मुताबिक सुबह पड़ोसी दुकानदार ने फोन कर बताया कि उनकी दुकान का शटर टूटा और खुला हुआ है। जब वह मौके पर पहुंचे, तो देखा कि शटर का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर काउंटर चेक किया तो गल्ले में रखे 60 हजार रुपए की नकदी गायब थी। साथ ही दुकान में बने मंदिर का दान पात्र भी चोर अपने साथ ले गए, जिसमें लगभग 1200 रुपये थे।
चोरों को हाईटेक उपकरणों की बाखूबी जानकारी थी, यही कारण है कि वारदात से पहले उन लोगों ने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को घुमा दिया, ताकि उनकी पहचान न हो पाए लेकिन वे दूसरी दुकानों के कैमरों का ध्यान नहीं दे पाए। इन कैमरों में एक चोर की तस्वीरें साफ कैद हो गई हैं। जिसमें वह चोरी से पहले कैमरे का एंगल बदलता दिखाई दे रहा है। पीडि़त दुकानदार ने वह फुटेज पुलिस को सौंप दी है। जिससे उम्मीद की जा रही है कि आरोपी की पहचान कर ली जाएगी। इसके अलावा दुकान से कॉपर वायर के कई बंडल चोरी हुए, जिनकी कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई जा रही है।