करनाल (मज़दूर मोर्चा) जनमत के विरूद्ध सत्ता पर काबिज विधायक योगेन्द्र राणा गांव-गांव जाकर विभिन्न प्रकार के उद्घाटन आदि करके जनता को यह बताने का प्रयास कर रहे हैं कि वे उनके लिए कितनी बड़ी-बड़ी सौगातें लेकर आ रहे हैं। लेकिन यह तथ्य किसी से छिपा नहीं है कि राणा अपने घर से लाकर कुछ नहीं बांट रहे, जो निम्रलिखित शिलान्यास एवं उद्घाटन आदि वे कर रहे हैं, उन सबका पैसा जनता से वसूला जा रहा है। गांव बिर्चपुर में लगभग 42.64 लाख रुपए की लागत से निर्मित विकास कार्यों का उद्घाटन किया गया, जिनमें 4.20 लाख रुपए की लागत से बाल्मीकि चौपाल निर्माण कार्य,5 लाख रुपए की लागत से जाट चौक का सौंदर्यीकरण कार्य,25 लाख रुपए की लागत से स्टेडियम की चारदीवारी निर्माण कार्य, 8.44 लाख रुपए की लागत से जय भगवान के घर से आम वाले तालाब तक रास्ता निर्माण कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये सभी कार्य ग्रामीण क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।
विधायक द्वारा करवाए गए विकास कार्यों में गांव कतलाहेड़ी में लगभग 16.06 लाख रुपए की लागत से पूर्ण हुए एवं नए निर्माण कार्यों का उद्घाटन कर ग्रामवासियों को समर्पित किया गया, जिनमें 1.09 लाख रुपए से बी.सी. चौपाल का कंप्लीशन कार्य 4.97 लाख रुपए से एस.सी. चौपाल का कंप्लीशन कार्य 10 लाख रुपए से ब्रह्मानंद आश्रम के निर्माण कार्य का उद्घाटन शामिल है। विधायक योगेन्द्र राणा ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार हर गांव के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रत्येक पंचायत क्षेत्र में जनसुविधाओं का विस्तार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना हमारी प्राथमिकता है। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र नरवाल, मुनक ब्लॉक समिति चेयरमैन जितेंद्र संधू, जुंडला मार्केट कमेटी चेयरमैन सुशील शर्मा, मंडल महामंत्री राहुल गांव बिरचपुर सरपंच संजय शर्मा, गांव कतलाहेड़ी सरपंच सुनील कुमार, सुरेंद्र जानी, सुभाष राणा ओंगद, सतपाल जैन, ख़ेम सिंह फौजी, बब्बू मंजूरा, गांव के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।