करनाल। कलामपुरा गांव से डबरी तक जाने वाले मार्ग की सड़क का निर्माण किया जा रहा है। सोमवार को अचानक विधायक जगमोहन आनंद का इस सड़क से गुजरना हुआ। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के सामने ही जोर से पैर मारा तो नई सड़क के रोड़े उखड़कर बाहर आ गए। इस पर गुस्साए विधायक ने पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन संदीप सिंह को कॉल करके फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारी को सड़क का निरीक्षण करके रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। साथ ही काम करने वाली एजेंसी एमके इन्फ्रा पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए। एक्सईएन ने बताया कि सड़क का निर्माण कार्य अभी शुरू हुआ है, महज पहली ही लेयर बिछाई गई है। मजबूती से काम करते हुए इसकी और लेयर बिछाई जाएंगी।
विधायक ने कहा कि एक्सईएन साहब, मुझे ये बताओ ये सड़क का टेंडर कब हुआ था और इसे क्यों बनाया जा रहा है। यह सड़क तो ठीक थी। इसे दोबारा उखाड़कर बनाने की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने एक्सईएन को निर्देश दिए कि ठेकेदार एमके इन्फ्रा से कहें कि सरकार के मानकों के अनुसार सड़क को दोबारा बनाएं। अगर सड़क को दोबारा नहीं बनाया गया तो मैं सरकार को पत्र लिखूंगा, फिर एजेंसी के साथ-साथ आपके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। एक्सईएन ने नए सिरे से दोबारा और मजबूत सड़क बनवाने का आश्वासन दिया।