करनाल (मज़दूर मोर्चा)। अल्फा इंटरनेशनल सिटी, निवासियों द्वारा आरडब्ल्यूए अल्फा के नेतृत्व मे 05 जनवरी 2026 को ं लगभग 200 शिकायतें मुख्यमंत्री विंडो पर दर्ज करवाई गई थीं। ये शिकायतें मुख्यत: सेक्टोरल सड़कों के हैंडओवर, कम्युनिटी सेंटर के दुरुपयोग तथा मूलभूत सुविधाओं की अत्यंत खराब स्थिति से संबंधित थीं। संबंधित सभी शिकायतें जांच एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) कार्यालय को प्रेषित की गई थीं। इसी क्रम में गुंजन वर्मा, जिला नगर योजनाकार ने 12 फरवरी 2026 को अल्फा इंटरनेशनल सिटी का विस्तृत फील्ड निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीटीपी कार्यालय के जूनियर इंजीनियर, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी, स्थानीय निवासी एवं विभिन्न समाचार चैनलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान स्पष्ट हुआ कि अल्फा इंटरनेशनल सिटी की सेक्टोरल सड़कें अभी तक विधिवत रूप से हरियाणा सरकार को हस्तांतरित (हैंडओवर) नहीं की गई हैं। जबकि अल्फा कॉर्प ने 19 सितंबर 2024 को सरकार को लिखित रूप में सूचित किया था कि वे सभी सेक्टोरल सड़कें सरकार को विधिवत हैंडओवर कर चुके हैं। निवासियों द्वारा यह प्रश्न उठाया गया कि यदि सड़कें सरकार को हैंडओवर नहीं हुई हैं तो उनकी देखरेख एवं रखरखाव की जिम्मेदारी किसकी है? तथा इस विषय में अल्फा प्रबंधन के विरुद्ध क्या कार्रवाई प्रस्तावित है? डीटीपी महोदया ने इस विषय में 7 दिन का समय लेते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट की जाएगी तथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि जांच से संबंधित अभिलेखों की जानकारी आरडब्ल्यूए एवं निवासियों को उपलब्ध करवाई जाएगी।
कम्युनिटी सेंटर थर्ड पार्टी को लीज पर दिया जाना अवैध निरीक्षण के दौरान यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया कि कॉलोनी के कम्युनिटी सेंटर को एक तृतीय पक्ष को होटल/रेस्टोरेंट के रूप में वाणिज्यिक उपयोग हेतु किराए पर दिया गया है। इस विषय में डीटीपी महोदया ने स्पष्ट रूप से स्वीकार किया कि कम्युनिटी सेंटर का इस प्रकार व्यावसायिक उपयोग पूर्णत: अवैध है और यह स्वीकृत लेआउट प्लान एवं लाइसेंस शर्तों का उल्लंघन है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस संबंध में तत्काल दंडात्मक कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी। डीटीपी गुंजन वर्मा ने अपने जूनियर इंजीनियर के साथ कॉलोनी की लगभग प्रत्येक मुख्य एवं आंतरिक सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़कों की खराब स्थिति, गड्ढों की भरमार, टूटी हुई पटरियां, अव्यवस्थित पार्क, तथा चोक ड्रेनेज सिस्टम की हकीकत सामने आ गई। जूनियर इंजीनियर द्वारा 11 फरवरी 2026 को किए गए निरीक्षण की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसमें उल्लेख किया गया कि लगभग 90 प्रतिशत स्ट्रीट लाइटें बंद पाई गई हैं। जीपीएस कैमरे से ली गई तस्वीरें मौके पर डीटीपी मैडम को दिखाई गईं। निरीक्षण के दौरान डीटीपी महोदया ने उपस्थित निवासियों एवं स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों के समक्ष क्षेत्र की समस्याओं को स्वीकार किया। अल्फा इंटरनेशनल सिटी के समस्त निवासी एवं आरडब्ल्यूए अल्फा, डीटीपी करनाल द्वारा किए गए पारदर्शी, निष्पक्ष एवं त्वरित निरीक्षण के लिए उनका आभार व्यक्त करते हैं। निवासियों को विश्वास है कि प्रशासन द्वारा नियमों के अनुरूप ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष श्री प्रभजोत सिंह सिद्धू, उपाध्यक्ष डॉ. अर्जव शर्मा एवं सभी निवासियों ने संयुक्त रूप से घोषणा की कि समस्याओं का पूर्ण एवं विधिसम्मत समाधान होने तक एक भी सीएम विंडो शिकायत बंद नहीं की जाएगी। आरडब्ल्यूए ने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य टकराव नहीं, बल्कि कॉलोनी में बुनियादी सुविधाओं की बहाली, वैधानिक अनुपालन तथा पारदर्शी प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित करना है।