सड़क व नाली के शिलान्यास अवसर पर मंत्री कृष्ण पाल ने फिर से चलाई रैपिड मैट्रो

सड़क व नाली के शिलान्यास अवसर पर मंत्री कृष्ण पाल ने फिर से चलाई रैपिड मैट्रो
November 10 17:56 2025

फरीदाबाद (मज़दूर मोर्चा) गुरुवार को न्यू जनता कॉलोनी में सड़क व सीवर लाइन के निर्माण की घोषणा करने पहुंचे केन्द्रीय मंत्री कृष्ण पाल गूजर ने रैपिड मैट्रो का राग अलापा। मामला वही है जो बीते दिनों हथीन में छोटी-मोटी सड़क व नालियों आदि के उद्घाटन अवसर पर भाषण देते हुए गूजर ने बल्लबगढ़ से पलवल तक की मैट्रो रेल चलाई थी। इस बार भी जिस निर्माण कार्य का उद्घाटन करने मंत्री जी पधारे थे उसका बजट मात्र 44 लाख 80 हजार है। जब केन्द्रीय मंत्री ऐसे छुटपुट उद्घाटन करें तो शर्म महसूस होना स्वाभाविक है। इतना ही नहीं यह काम भी 2026 में शुरू होने वाला बताया जाता है। गूजर के अलावा बल्लबगढ़ के विधायक मूलचंद भी इस समारोह में शामिल थे।

दरअसल इन भाजपाई नेताओं की अब जनता में कोई पकड़ तो रह नहीं गई है। जनता में इनकी विश्वस्नीयता भी समाप्त हो चुकी है। ऐसे में ये लोग किसी न किसी बहाने जनता के बीच जाने के बहाने खोजते रहते हैं। अपने इस तरह के छोटे-मोटे उद्घाटन का महत्व बढ़ाकर मीडिया में सुर्खियां पाने के लिए, ये लोग लम्बी-लम्बी छोडऩे लगते हैं। इस बार कृष्णपाल ने बल्लबगढ़-पलवल मैट्रो रेल की बजाय जेवर एयरपोर्ट को बल्लबगढ़-फरीदाबाद-गुडग़ांव के रास्ते दिल्ली एयरपोर्ट से जोडऩे का गुब्बारा छोड़ा। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट के लिए मंजूरी मिल गई है। उन्होंने यह नहीं बताया कि किसने मंजूरी दी है और इस पर कितनी लागत आएगी तथा उसे कौन वहन करेगा? कुल मिलाकर मतलब यही निकलता है अल्ले न कुछ पल्ले, केवल लफ्फाजी करके जनता को बहकाना।

यह लप्फाजी भी शायद इन दोनों नेताओं को कम लग रही थी इसलिए नहरपार के ग्रेटर फरीदाबाद में 400 करोड़ की लागत से बनने वाले कन्वेंशन सेंटर और एक नया केन्द्रीय विद्यालय बनाने की बात कही। विदित है कि उक्त कन्वेंशन निर्माण का ढिंढोरा बीते आठ साल से पीट-पीट कर वहां प्लॉटों के दाम बढ़ाने का खेल चल रहा है। इसी अवसर पर इन नेताओं ने शहर भर के बिजली तारों को भूमिगत करने की बात भी कही, जिसकी घोषणा करीब दो माह पूर्व मुख्यमंत्री भी कर चुके हैं। शुक्र यह है कि कृष्ण पाल ने उस मंझावली स्थित यमुना पुल का चर्चा करना छोड़ दिया जिसका उद्घाटन उन्होंने 15 अगस्त 2014 को किया था और अभी तक वह पुल चालू नहीं हो सका है। कुल मिला कर ये संघी-भाजपाई नेता धरातल पर कुछ ठोस काम करने की अपेक्षा जनता को झूठे लारे-लप्पे व थोथी घोषणाओं से ही बहलाने में विश्वास करते हैं।

  Article "tagged" as:
  Categories:
view more articles

About Article Author

Mazdoor Morcha
Mazdoor Morcha

View More Articles