फऱीदाबाद (मज़दूर मोर्चा) कुंडी डाल कर बिजली का इस्तेमाल करने वालों पर मेहरबान बिजली महकमे के अधिकारी अपने प्रतिमाह लाखों रुपये बिजली का बिल चुकाने वाले उपभोक्ताओं की अनदेखी करने में माहिर हो चुके हैं। बाजरी गांव में ट्रांसफार्मर का खंभा टूटे हुए आठ महीने से अधिक का समय बीत चुका है लेकिन बिना ऊपरी कमाई कोई काम नहीं करने वाले भ्रष्ट अधिकारी उसे बदल नहीं रहे हैं। अधिकारियों की लापरवाही से नाराज स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक टूटे खंभे से ट्रांसफॉर्मर नहीं गिरेगा और कोई हादसा नहीं होगा तब तक बिजली निगम नहीं जाएगा।
बाजरी गांव में शिव मंदिर वाले रास्ते पर ठीक चौराहे के पास बिजली महकमे का ट्रांसफॉर्मर का खंभा करीब आठ महीने पहले टूट गया था। जर्जर हो चुके सीमेंट के इस खंभे की दरार उधर से भारी वाहनों के गुजरने से सडक़ में होने वाली कंपन के कारण लगातार बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि छह महीनों में एसडीओ से लेकर चीफ इंजीनियर, अधीक्षण अभियंता सबसे शिकायत कर खंभा हटवाने की मांग की जा रही है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। खंभा किसी भी दिन दो टुकड़ों में बंट सकता है, उस पर रखा ट्रांसफॉर्मर नीचे आने से कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों की शिकायत है कि कर्मचारी खंभा बदलने के लिए मेहनताने के नाम पर दस हजार रुपयों की मांग कर रहे हैं, कहते हैं कि ऊपर तक देंगे तब कहीं खंभा इश्यू हो पाएगा।
वैध उपभोक्ताओं की जायज समस्याएं भी बिना मुट्ठी गर्म किए नहीं सुलझाने के आदी बिजली निगम के निकम्मे अधिकारी अवैध कनेक्शनधारी उपभोक्तओं पर मेहरबान हैं। सेक्टर 22 स्थित गवर्नमेंट प्रेस की कॉलोनी में अवैध रूप से रह रहे करीब सौ परिवार बरसों से बिना मीटर कनेक्शन लिए ही धड़ल्ले से बिजली का इस्तेमाल कर रहे हैं। कॉलोनी में रहने वाले एक युवक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि बिजली कर्मचारी हर महीने प्रत्येक घर से दो सौ से चार सौ रुपये के बीच वसूलते हैं, बदले में इस इलाके में कोई रेड नहीं पड़ती, कूलर, एसी, यहां तक कि खाना बनाने के लिए हीटर का धड़ल्ले से प्रयोग किया जाता है। बिजली महकमे के एसई कक्कड़ के दफ्तर से कुछ ही दूर स्थित प्रेस कॉलोनी में इतने बड़े पैमाने पर चोरी हो रही है और उन्हें इसकी जानकारी न हो तो उनके निकम्मेपन को समझा जा सकता है, यदि जानकारी है तो इसका सीधा मतलब यही है कि वह भी बिजली चोरी से होने वाली अवैध कमाई के हिस्सेदार हैं।
सेक्टर 14 में ग्रीन बेल्ट में झुग्गियां डाल कर रह रहे दर्जनों परिवार खुलेआम कुंडी डाल कर बिजली चोरी कर रहे हैं। सेक्टरों के आसपास की बस्तियों से लेकर एसजीएम नगर, जवाहर कालोनी, पर्वतीय कालोनी, भारत कालोनी, तिलपत, पदम नगर, सेहतपुर व ओल्ड फरीदाबाद के विभिन्न क्षेत्रों में हज़ारों कुंडी कनेक्शन हैं, इनसे बिजली निगम के कर्मचारी और दलाल वसूली करते हैं। बिजली के अवैध कनेक्शन की शिकायत करने पर भी एसडीओ से लेकर एक्सईएन तक कोई कार्रवाई नहीं करते, क्योंकि इनसे उन्हें मोटी कमाई जो होती है, अब वैध उपभोक्ता परेशान होता है तो होता रहे।