फरीदाबाद (मज़दूर मोर्चा) शहर के विभिन्न भागों में कूड़ा-कचरा इधर-उधर फैलाने के अपराध पर नगर निगम ने 143 लोगों के चालान काटे। जिस जनता से नगर निगम कूड़ा-कचरा उठाने एवं सफाई के नाम पर अच्छा-खासा टैक्स वसूलता है और सफाई न करके उलटे उन्हीं के चालान करके भारी वसूली भी करता है।
शहर भर में पचासों स्थान ऐसे हैं जहां से निगम द्वारा कूड़ा न उठाने से उसके ढेर-के-ढेर लगे रहते हैं, उसका चालान कौन करेगा? शहर भर से कूड़ा उठाने का दावा करने वाला नगर निगम उस कूड़े का जिस तरह से सेक्टर 56 व गांव प्रतापगढ़ में ढेर लगा रहा है उसका चालान कौन काटेगा?
विदित है कि प्रतापगढ़ व उसके आसपास की दर्जनों कॉलोनियों में रहने वाले हजारों लोगों ने बीते रविवार को अपने क्षेत्र में आक्रोश प्रदर्शन करते हुए कैंडल मार्च निकाला। ये लोग अनेकों बार क्षेत्र के पार्षद व विधायक से मिल कर कूड़े के इस पहाड़ को हटाने की मांग कर चुके हैं।
नगर निगम द्वारा कूड़े के नाम पर काटे जा रहे चालानों से यही स्पष्ट होता है कि खुद कुछ करेंगे नहीं और उसका दोष भी जनता के सिर ही मढ़ते जाएंगे। इसी को तो कहते हैं जनता का जूता जनता के सिर पर दे पटापट-दे-पटापट।