550 कोचिंग सेंटरों में से आठ के पास ही फायर एनओसी

550 कोचिंग सेंटरों में से आठ के पास ही फायर एनओसी
May 11 06:19 2025

करनाल। जिले में मुनाफे की दुकानों की तरह चल रहे कोचिंग सेंटरों में आने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। न तो इन केंद्रों में अग्निशमन संयंत्र हैं और न ही दमकल विभाग की एनओसी। ऐसे में मनमाने तरीके से चल रहे इन केंद्रों में उज्जवल भविष्य का सपना लिए विद्यार्थी खतरे के साये में पढ़ रहे हैं। जिले में 550 के करीब कोचिंग सेंटर चल रहे हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से महज आठ संस्थानों के पास ही दमकल विभाग की एनओसी है। अन्य किसी ने भी अग्नि सुरक्षा संबंधित नियमों पर ध्यान नहीं दिया। यह स्थिति भी तब है जब दमकल विभाग की ओर से ऐसे केंद्रों को नोटिस जारी किए गए। इस वर्ष 69 भवन मालिकों को नोटिस दिए जा चुके हैं, जिनके यहां कोचिंग सेंटर चल रहे हैं। बहुमंजिला भवनों में बेसमेंट से लेकर तीसरे तल तक अलग-अलग कोचिंग केंद्र खुले है।

विद्यार्थियों से मोटी फीस वसूलने वाले इन केंद्रों के संचालकों को नियमों का ख्याल नहीं है। सेक्टर-6 के जेनेसिस क्लासेज में आग लगने पर तुरंत बचाव हो गया। इनके यहां सुरक्षा का इंतजाम भी था। यदि ऐसी स्थिति अन्य किसी तंग भवन में चल रहे कोचिंग सेंटर में हो जाए तो सूरत की तरह बड़ा हादसा हो सकता है। सेक्टर-14, 13, 9, 7, 6, मुगल कैनाल, पुराने बस स्टैंड के पीछे मार्केट पर काफी संख्या में कोचिंग सेंटर चल रहे हैं। इसके अलावा असंध, घरौंडा, इंद्री और नीलोखेड़ी में भी ऐसे केंद्र हैं। शहर के कोचिंग सेंटर का भवन एचएसवीपी और नगर निगम के अधीन है। इन भवनों को कॉमर्शियल क्षेत्र में बनाकर विभाग अब भूल चुका है। भवन मालिकों ने कोचिंग सेंटर चलाने वाले लोगों को मासिक रेंट पर दे दिया। कारोबारी चेन सिस्टम में बच्चों की जिंदगी और सुरक्षा को जिम्मेदार लोग भूल चुके हैं। एक भवन में रोजाना दिन में तीनों फ्लोर पर 40-40 बच्चों के तीन से चार बेच पढ़ाए जा रहे हैं।

फिजिक्स, केमेस्ट्री, मैथ, कंपीटिशन टेस्ट, इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स, आइलेट्स की तैयारी करने वाले बच्चों की पूरा दिन यहां भीड़ लगी रहती है। शहर के बच्चे बिना सुरक्षा के इन बिल्डिंगों में पढ़ रहे हैं। दमकल अधिकारी राजीव भारद्वाज ने बताया कि शहर के कोचिंग सेंटरों को लेकर विभाग गंभीर है। 69 संस्थानों को नोटिस भी जारी किए गए हैं। केवल आठ बड़े केंद्रों के पास ही एनओसी है। लापरवाही पर इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

  Article "tagged" as:
  Categories:
view more articles

About Article Author

Mazdoor Morcha
Mazdoor Morcha

View More Articles