करनाल/असंध (रवि भाटिया) असंध विधायक योगेन्द्र राणा ने बजट सत्र में यातायात को सुगम बनाने एवं दुर्घटनाओं को कम करने के लिए करनाल-जींद मार्ग को फोरलेन करने एवं प्रशासनिक एवं बुनियादी ढांचे की मजबूती के लिए जुंडला को सब तहसील बनाए जाने की मांग की। इसके साथ ही असंध हलके के विकास के लिए अन्य कई प्रमुख मांगें उठाई।
विधायक ने शून्य काल के दौरान स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और कृषि से जुड़े विषयों पर सरकार का ध्यान भी आकर्षित किया। इस मौके पर विधायक राणा ने प्रदेश में भाजपा सरकार के 11 वर्षों के अभूतपूर्व विकास की सराहना करते हुए असंध के विकास के लिए मांगें रखीं जिनमें स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने नागरिक अस्पताल (उप मंडल) अस्पताल निर्माण का कार्य को तुरंत शुरू करवाये जाने की मांग की क्योंकि पिछले एक महीने से यह काम बंद पड़ा है। इसके अलावा पीएचसी उपलाना व पोपड़ा की कंडम घोषित बिल्डिंग का पुननिर्माण और पोपड़ा पीएचसी की चारदीवारी का कार्य तुरंत करवाया जाने की मांग भी विधायक द्वारा की गई।
विधायक द्वारा पेयजल के लिए बिछाई गई पुरानी पत्थर वाली पाइपलाइनों को बदलकर नई पाइपलाइनें बिछाने की मांग भी की गई। उन्होंने कृषि, असंध की नई विस्तार अनाज मंडी में दुकानों की बोली मार्च या अप्रैल में सुनिश्चित करने का आग्रह किया इसके साथ साथ युवा एवं खेल कल्याण की मांगों में जयसिंहपुरा खेल स्टेडियम में कोच की नियुक्ति व उपकरणों की उपलब्धता और क्षेत्र की ई-लाइब्रेरी में पर्याप्त पुस्तकें व हाई-स्पीड इंटरनेट उपलब्ध कराने का प्रावधान करने की मांग रखी। इस अवसर पर विधायक योगेन्द्र राणा ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में इन सभी मांगों को जल्द पूरा किया जाएगा।