गंदगी से परेशान सेक्टर-46 के लोग निगम मुख्यालय पहुंचे, नारेबाजी व ढोल बजाकर किया प्रदर्शन

गंदगी से परेशान सेक्टर-46 के लोग निगम मुख्यालय पहुंचे, नारेबाजी व ढोल बजाकर किया प्रदर्शन
February 12 12:58 2026

फरीदाबाद। सेक्टर-46 के निवासी पिछले कई महीनों से इलाके में फैली गंदगी से परेशान हैं। इसी समस्या को लेकर शुक्रवार, 2 जनवरी को सेक्टर-46 के लोग नगर निगम मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की और ढोल बजाकर विरोध दर्ज कराया। इस प्रदर्शन में सेक्टर-46 के निवासियों के साथ जन कल्याण चेरिटेबल संस्था के सदस्य भी मौजूद रहे। सेक्टर-46 निवासी नरेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि वह बीते कई महीनों से नगर निगम कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। इस संबंध में लिखित शिकायतें भी दी गई हैं, लेकिन इसके बावजूद निगम अधिकारी सेक्टर-46 की साफ-सफाई पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे सेक्टर में जगह-जगह गोबर, कूड़ा और कीचड़ फैला हुआ है।

नरेंद्र कुमार गुप्ता के अनुसार, अगर कभी-कभार निगम कर्मचारी सफाई के लिए आते भी हैं तो आधी-अधूरी सफाई कर कूड़ा वहीं छोड़कर चले जाते हैं। जब कर्मचारियों से कूड़ा उठाने की बात की जाती है तो उनका जवाब होता है कि उनके पास कूड़ा ले जाने की कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने आगे बताया कि इस गंभीर समस्या की जानकारी नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, मंत्री विपुल गोयल और क्षेत्र के विधायक धनेश अदलखा को भी दी गई है, लेकिन न तो कोई अधिकारी मिलने को तैयार है और न ही फोन कॉल का जवाब दिया जा रहा है।
वहीं, इलाके के कांग्रेसी पार्षद विक्की चपराना ने कहा कि उन्होंने स्वयं कई बार स्थानीय लोगों के साथ मिलकर सेक्टर की सफाई करवाई है और वार्ड में फैली गंदगी के बारे में निगम अधिकारियों को अवगत भी कराया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस मुद्दे पर विधायक धनेश अदलखा को भी कई बार जानकारी दी गई है, लेकिन विधायक उनके कांग्रेसी होने के चलते उनको अनसुना करते हैं सेक्टर-46 के निवासियों का कहना है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया तो उनका यह प्रदर्शन और उग्र रूप ले सकता है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से जल्द से जल्द नियमित सफाई व्यवस्था लागू करने और कूड़े के उचित निस्तारण की मांग की है।

  Categories:
view more articles

About Article Author

Mazdoor Morcha
Mazdoor Morcha

View More Articles