करनाल। बहुत दुर्भाग्य की बात है कि करनाल पिछले 15 साल से हवाई अड्डे का इंतजार कर रहा है और बीजेपी पिछले 10 साल से करनाल व प्रदेश की जनता को मूर्ख बना रही है। यह आरोप आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने लगाए।
पत्रकारों से रूबरू हुई अनुराग ढांडा ने करनाल में हवाई अड्डा और मेट्रो लाइन के मुद्दे पर बीजेपी सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा पिछले दिनों करनाल में नागरिक उड्डयन मंत्री कमल गुप्ता ने घोषणा की थी कि करनाल के हवाई अड्डे के लिए नए सिरे से सर्र्वेे करवाया जाएगा। बार बार वादा किया गया कि करनाल के हवाई अड्डे को कमर्शियल रूप दिया जाएगा, कभी सर्वे तो कभी भूमि अधिग्रहण की बात कही गई। घोषणा और वादे करते हुए भाजपा को आठ साल बीत गए लेकिन उनके नेता आज तक ये नहीं बता सके कि उड़ान कब शुरू होगी कमर्शियल हवाई अड्डे का रूप कब दिया जाएगा।
भाजपाइयों द्वारा समय समय पर की गई घोषणाएं याद दिलाते हुए कहा कि 2014 और 2019 के चुनावों में कहा गया कि करनाल में कमर्शियल हवाई अड्डा बनाया जाएगा। 2024 के चुनाव में भी, पहले भी मुख्यमंत्री यहां से थे और दोबारा नए मुख्यमंत्री आए हैं वो भी यहां से हैं। दो दो मुख्यमंत्री और दो दो बार सरकार बनाने के बाद भी बीजेपी ने करनाल के लोगों के इस सपने को पूरा नहीं किया।
उन्होंने कहा कि इसी सरकार की कैबिनेट ने 2020 में फैसला लिया था कि मेट्रो लाइन को करनाल तक बढ़ाया जाएगा। 4 साल बाद भी इस प्रोजेक्ट पर कोई काम नहीं किया जा रहा। सरकार से सवाल किया कि करनाल ने बार बार विश्वास जताया और दो दो बार मुख्यमंत्री दिए। इसके बावजूद बीजेपी करनाल के लोगों को कब तक इंतजार कराएगी। भाजपा सीधे तौर पर जनता की जरूरत से जुड़े इस प्रोजेक्ट से कितने समय तक लोगों को वंचित रखेगी। क्या आने वाले समय में भी बीजेपी की सरकार लोगों को इसी तरह के हवाई स्वप्न दिखाएगी? यदि बीजेपी को लोगों के सपने को चकनाचूर करना है तो इस बार लोग उसको जवाब देने को तैयार हैं। लोगों ने बीजेपी से मुंह मोडऩे की शुरुआत कर दी है और बाकी की कसर विधानसभा चुनाव में पूरी कर दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले 10 साल में जितने काम करने का दम भरा है और जनता के लिए जितनी असुविधाएं पैदा की हैं। उनको लेकर सरकार से अब सवाल पूछा जाना चाहिए और ये काम आम आदमी पार्टी पूरी शिद्दत के साथ करेगी। हम पूरे हरियाणा में एक एक बूथ पर अपनी तैयारी कर रहे हैं। जनता से जुड़े सवालों को हर प्लेटफार्म पर पूछेंगे। जल्दी ही लोगों के बीच उन असली मुद्दों को लेकर पहुंचेंगे जिन पर हरियाणा की राजनीति होनी चाहिए। जिन पर बीजेपी ने कभी भी लोगों का काम नहीं किया। इसको लेकर आम आदमी पार्टी अपने चुनावी अभियान का शंखनाद 30 जून को करने जा रही है।
उन्होंने बताया कि 30 जून को आम आदमी पार्टी हरियाणा के चरखी दादरी में महारैली करने जा रही है, जहां पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की धर्म पत्नी सुनीता केजरीवाल आएंगी और चुनावी शंखनाद करेंगी। उसके लिए हम पूरे हरियाणा में हर विधानसभा में बैठकें आयोजित करके तैयारियों का जायजा ले रहे हैं और तैयारियों को आगे बढ़ा रहे हैं। इस अभियान का बस एक मकसद है कि अब जो बीजेपी से सवाल पूछे जाएंगे वो हर बूथ, गांव, शहर, विधानसभा और लोकसभा से पूछे जाएंगे।
आरोप लगाया कि ये बीजेपी की अनैतिकता है कि वो अल्पमत में है और उसके बाद भी जबरदस्ती सरकार में बने रहना चाहते हैं। ये बीजेपी की तानाशाही सोच है, इसी सोच के खिलाफ केंद्र सरकार के खिलाफ लोग इस बार लड़े थे और निरंकुश मोदी सरकार पर अंकुश लगा दिया। इसलिए इस बार जब हरियाणा के लोग सरकार चुनेंगे तो बीजेपी को सबक जरूर सिखाएंगे।