सोना छुड़वाने के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार

सोना छुड़वाने के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार
February 13 07:40 2026

करनाल (मज़दूर मोर्चा) जिला पुलिस करनाल द्वारा ठगी के मामलों पर सख्त कार्रवाई करते हुए सीआईए एक की टीम ने सोना छुड़वाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। टीम ने उप निरीक्षक कृष्ण कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए जिला जेल सोनीपत से प्रोडक्शन वारंट पर आरोपी.. ‘दल सिंह पुत्र मामूराम, निवासी गांव शेरगढ़ टापू, जिला करनाल को गिरफ्तार किया।’

इस संबंध में अनुसंधान अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता बलविंदर सिंह, जो कि एक निजी गोल्ड लोन से संबंधित कंपनी में कार्यरत है, द्वारा दिनांक 27 नवंबर 2024 को शिकायत दी गई थी। इसमें बताया गया कि आरोपी दल सिंह एवं उसके अन्य साथियों ने उससे संपर्क कर उनका कुछ सोना एक अन्य ट्रेडिंग कंपनी के पास गिरवी रखा हुआ है, जिसे छुड़वाने के लिए पैसों की आवश्यकता है।

आरोपियों ने अपनी बातों में फंसाकर शिकायतकर्ता से 11 लाख 50 हजार रुपये ले लिए और यह कहकर चले गए कि वे गिरवी रखा हुआ सोना छुड़वाने जा रहे हैं। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब आरोपी वापस नहीं आए तो शिकायतकर्ता ने उनसे फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों से कोई संपर्क नहीं हो पाया। इस धोखाधड़ी के संबंध में शिकायत मिलने पर थाना सेक्टर 32/33 में मुकदमा नंबर 637/2025 संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए आरोपी दल सिंह को प्रोडक्शन वारंट पर लिया गया जो पहले से ही किसी मामले में जेल में बंद था।

माननीय न्यायालय से आरोपी का एक दिन का पुलिस रिमांड मंजूर करवाया गया। रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की गई, जिसके फलस्वरूप उसके कब्जे से 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस रिमांड की अवधि पूर्ण होने के पश्चात आरोपी को पुन: माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

  Categories:
view more articles

About Article Author

Mazdoor Morcha
Mazdoor Morcha

View More Articles