करनाल (मजदूर मोर्चा) जिला लघु सचिवालय सभागार में एडीसी योगेश मेहता की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। इसमें पिछली बैठक के लंबित 16 मामले और आज की बैठक के 5 नए ऐजंडों पर विचार-विमर्श कर जरूरी निर्देश दिए गए। एडीसी ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि पिछली बैठक से लंबित और आज की बैठक में शामिल एंजेंडों का अगली बैठक के आयोजन से पहले समाधान किया जाए ताकि लोगों को दिक्कत का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के एंजेंडे में रखी गई इन शिकायतों का समाधान निर्धारित समय अवधि में किया जाए तथा जिनका समाधान मुख्यालय से संबंधित है उनकी जानकारी लेते रहें और उनका भी जल्द समाधान करवाएं। उन्होंने ने ई-रिक्शा चालकों को भी सड़क सुरक्षा के नियमों की पालना के लिए भी जागरूक करने के निर्देश दिए और कहा कि इनकी यूनियन के साथ एक बैठक का भी आयोजन करवाया जाए।
एडीसी ने इंजीनियरिंग विंग को निर्देश दिए कि जब भी वह फील्ड में जाए सड़कों पर सफेद पट्टी, जेबरा क्रॉस, साइन बोर्ड, सड़क नियमों की पालना के बोर्ड इत्यादि चैक करे तथा जरूरत के अनुसार लगवाना सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि करनाल शहर में बन रहे फ्लाईओवर के आस-पास के रास्ते के गड्ढों को तुरंत भरा जाए तथा अवैध कब्जों को हटवाएं ताकि लोगों को दिक्कत का सामना न करना पड़े। उन्होंने समाजसेवी सदस्यों की मांग पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण व नगर निगम के अधिकारी को निर्देश दिए की वे अपने-अपने विभाग से संबंधित जूनियर इंजीनियर की निरीक्षण की ड्यूटी लगाए।
बैठक में आरटीए विजय देशवाल ने एजेंडावार संबंधित विभाग के कार्य की पीपीटी के माध्यम से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और नए एजेंडों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फरवरी 2026 में 25 हजार 390 चालान काट कर 86 लाख 84 हजार 800 रुपये जुर्माना किया गया। इनमें ओवर स्पीड के 6033, बिना हेलमेट के 8 हजार 420, शराब पीकर वाहन चलाने के 49, बिना आरसी के वाहन के 371, ड्राइविंग लाइसेंस 170, लेन चेंज के 1300, ट्रिपल राइडिंग के 100, गलत दिशा में वाहन चलाने के 251, गलत पार्किंग के 949, लाल बत्ती उल्लंघन के 827, बिना थर्ड पार्टी बीमा के 2151, जेब्रा क्रॉसिंग के 3926, बिना पॉल्यूशन सर्टिफिकेट के 843 चालान शामिल हैं। इसके अलावा आरटीए द्वारा फरवरी 2026 में ओवरलोडिंग, बिना परमिट, प्रदूषण इत्यादि से संबंधित 264 चालान काट कर 1 करोड़ 14 लाख 54 हजार 700 रुपये जुर्माना किया गया। बैठक में बताया गया कि सुरक्षित स्कूल वाहन नीति के तहत जिला में 100 बसों की जांच की गई। जिनमें से 6 के चालान किए गए। बैठक में आईआरएडी की प्रतिनिधि ने बताया कि फरवरी 2026 में जिला में 56 दुर्घटनाएं हुईं इनमें 21 घातक दुर्घटना शामिल है। इन दुर्घटनाओं से 23 लोगों की मौत हुई तथा 48 लोग घायल हुए।