उत्कृष्ट चिकित्सा सेवा के लिए फरीदाबाद ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज अस्पताल सम्मानित

उत्कृष्ट चिकित्सा सेवा के लिए फरीदाबाद ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज अस्पताल सम्मानित
March 03 15:37 2025

फऱीदाबाद (मज़दूर मोर्चा) एनआईटी तीन स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ने एक दशक के भीतर ही देश के सर्वश्रेष्ठ ईएसआईसी मेडिकल कॉलेजों में दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। पहला स्थान तेलंगाना के सनथनगर हैदाराबाद मेडिकल कॉलेज, सुपरस्पेशलिटी अस्पताल ने हासिल किया है।

राज्य कर्मचारी बीमा निगम के 74वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में बीते सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय श्रममंत्री मनसुख मांडविया ने मेडिकल कॉलेज के डीन प्रो. अनिल कुमार पांडेय को प्रशस्ति चिह्न देकर सम्मानित किया। जानकारी के अनुसार मुख्यालय की ओर से श्रेष्ठ कार्य करने वाले ईएसआईसी अस्पताल व मेडिकल कॉलेजों का चुनाव करने के लिए एक उच्च स्तरीय कमेटी गठित की गई थी। कमेटी ने इन अस्पताल और मेडिकल कॉलेजों में दी जाने वाली सेवाओं को विभिन्न मानक जैसे ओपीडी-आईपीडी में मरीजों की संख्या, प्रति माह होने वाली सर्जरी की संख्या, किन किन बीमारियों के इलाज की सुविधा उपलब्ध है, सुपर स्पेशलिटी सुविधाओं की उपलब्धता और लाभार्थी मरीजों की संख्या, दवाओं की उपलब्धता, बेड की संख्या, सफाई और स्वच्छता आदि के आधार पर चुना था।

सनथ नगर मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में सुपरस्पेशलिटी सुविधाएं उपलब्ध होने के कारण उसे प्रथम स्थान दिया गया। फरीदाबाद मेडिकल कॉलेज में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं तो उपलब्ध हैं लेकिन यहां के अस्पताल में सुपरस्पेशलिटी चिकित्सा सेवाएं नहीं होने के कारण इसे दूसरा स्थान दिया गया। बेशक फरीदाबाद में सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल नहीं है, इसके बावजूद यहां कॉर्निया ट्रांसप्लांट, हृदय के वाल्व बदलने, गुर्दा प्रत्यारोपण, बोन मैरो ट्रांसप्लांट जैसी सुपरस्पेशलिटी चिकित्सा सेवाएं दी जा रही हैं। सम्मान मिलने से सारे मेडिकल कॉलेज अस्पताल स्टाफ में उत्साह है।

मेडिकल कॉलेजों के अलावा ईएसआईसी के अस्पतालों का भी चुनाव किया गया था, अधिकतर अस्पताल दक्षिण भारत के ही रहे। 200 से अधिक बिस्तर वाले अस्पतालों में ओखला दिल्ली के अस्पताल को रनरअप चुना गया जबकि विनर बापू नगर गुजरात के ईएसआईसी अस्पताल को बनाया गया।

  Article "tagged" as:
  Categories:
view more articles

About Article Author

Mazdoor Morcha
Mazdoor Morcha

View More Articles