त्रिकोणीय मुकाबले में कांग्रेस प्रत्याशियों का बोलबाला

त्रिकोणीय मुकाबले में कांग्रेस प्रत्याशियों का बोलबाला
October 07 07:47 2024

पलवल (म मो ) जिले की तीन सीटों हथीन, होडल व पलवल में जैसे जैसे मतदान की तिथि निकट आ रही है वैसे ही मुकाबला कांटे का हो चला है। हथीन विधानसभा सीट पर मुकाबला मुख्य तौर पर कांग्रेस के मोहम्मद इसराइल और भाजपा के मनोज रावत के बीच है, लेकिन इनेलो-बीएसपी के तैयब हुसैन भीमसीका मुकाबले को तिकोना बनाने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं।

अभी महीने भर पूर्व कांग्रेस की सदस्यता लेने वाले हर्ष कुमार कांग्रेस की टिकट न मिलने पर कांग्रेस के प्रत्याशी का खुला विरोध करते हुए उन्हें हरवाने के लिए जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं। वे अपने हिंदू समर्थकों से वोट भाजपा प्रत्याशी मनोज रावत को देने को कह रहे हैं और मेवों में अपने समर्थकों से तैयब हुसैन भीमसीका को वोट देने को कह रहे हैं। हालाकि हर्ष कुमार की हैसियत अब दगे हुए कारतूस से अधिक नही है फिर भी हजार दो हजार वोटों का नुकसान तो करवा ही रहा है। हथीन विधानसभा सीट जाट व मेव बहुल है। मेवों में भी गोत्र व पाल के आधार पर वोटों का ध्रुवीकरण होता है।

जहां इजराइल दहंगल पाल से है वहीं भीमसीका छिरकलोट पाल से है इसलिए छिराकलोट पाल से तैयब हुसैन मेवों की वोट लेगा लेकिन अधिकांश मेव वोटों का रुझान कांग्रेस की तरफ है। चूंकि इस चुनाव में पांच जाट मैदान में है इसलिए उनकी वोट कई जगह बंटती दिखाई दे रही हैं। लेकिन यहां कांग्रेस बढ़त लेती लग रही है।
दूसरी सीट होडल है, यहां से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदय भान स्पष्ट बढ़त लिए हुए हैं हालांकि हर्ष कुमार उनको हरवाने के लिए जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं। एक चर्चा यह भी है कि हर्ष कुमार को करण दलाल की शह मिली हुई है करण दलाल नही चाहता कि सरकार बनने पर सत्ता का केंद्र होडल बने।

यहां दिलचस्प बात यह है कि भाजपा के वर्तमान विधायक जगदीश नायर कांग्रेस के प्रत्याशी के लिए खूब मेहनत कर रहे हैं उन्होंने अपने सभी समर्थकों को उदयभान के पक्ष में मोड़ा हुआ है। भाजपा के प्रत्याशी हरिंदर के लिए पार्टी ने अपने खजाने का दरवाजा खोला हुआ है शराब के साथ साथ सभी तरह के खाने से लेकर नकद रुपयों की नदियां बहा रखी हैं ।

पलवल विधान सभा में जहां पहले लग रहा था कि कांग्रेस आसानी से जीत जाएगी लेकिन भाजपा ने होडल के साथ साथ पलवल सीट पर भी कांग्रेस के प्रत्याशी करण सिंह दलाल को हराने के लिए रिकार्ड तोड़ शराब व पैसे बांटने का काम कर रखा है। वैसे शराब व नकद लेनदेन सभी पार्टियां कर रही हैं लेकिन चुनाव में इन दोनो सीटों पर भाजपा का विशेष फोकस है। पलवल से बीजेपी के प्रत्याशी गौरव गौतम का काम तो शराब बेचने वालों को संरक्षण देना रहा ही है।

होडल की भांति यहां भी बीजेपी के वर्तमान विधायक दीपक मंगला अंदर खाने कांग्रेस का समर्थन कर रहे हैं उन्होंने अपने समर्थकों को करण दलाल के साथ लगा रखा है। इस सीट पर बीजेपी-इनेलो बीएसपी के नाम से जाट प्रत्याशी खड़ा तो करवाया हुआ है जो एक दो हजार वोट करण दलाल के काटता दिखाई दे रहा है। कुल मिलाकर पलवल की तीनों सीटों पर टक्कर के त्रिकोणीय मुकाबले में कांग्रेस प्रत्याशियों का पलड़ा भारी नजर आ रहा है।

  Article "tagged" as:
  Categories:
view more articles

About Article Author

Mazdoor Morcha
Mazdoor Morcha

View More Articles