करनाल (मज़दूर मोर्चा) जिला पुलिस सीआईए-3 टीम ने स्क्रैप धोखाधड़ी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। यह कार्रवाई सीआईए-3 इंचार्ज निरीक्षक अजय कुमार के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक जंगशेर द्वारा विश्वसनीय साक्ष्यों के आधार पर की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार है 1.मेनपाल पुत्र अमन पाल, निवासी गांव कोहड़, घरौंडा 2.रवि पुत्र रघुवीर, निवासी शिव कॉलोनी, करनाल 3.अमन पुत्र सोमपाल, निवासी गांव नरूखेड़ी, करनाल 4.दीपक पुत्र धूम सिंह, निवासी गांव दुखेड़ी,जिला अंबाला आरोपियों के कब्जे से 30,000 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त एक ट्रक बरामद किया गया है।
इस संबंध में अनुसंधान अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता बद्री गोयनका, निवासी जिला समस्तीपुर (बिहार), जो रेलवे स्क्रैप का कारोबार करता है तथा जिनका गोदाम करपुरीग्राम में स्थित है, ने थाना मधुबन में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार दिनांक 03 जनवरी 2026 को आनंद ट्रांसपोर्टर द्वारा एक ट्रक स्क्रैप का सामान लोड करने के लिए भेजा गया था, जिसे पंजाब जाना था। स्क्रैप लोड होने के बाद ट्रक अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचा। जब शिकायतकर्ता ने ट्रक चालक से संपर्क करने का प्रयास किया तो उसने संतोषजनक जवाब नहीं दिया और बाद में मोबाइल फोन बंद कर लिया।
इस संबंध में थाना मधुबन में दिनांक 13 जनवरी 2026 को मुकदमा नंबर 11/2026 संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया। मामले की जांच के दौरान त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले तीन आरोपियों को काबू किया गया, जिन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। इस दौरान-ए-रिमांड पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस वारदात की साजिश ट्रांसपोर्टर दीपक द्वारा रची गई थी, जिसने अन्य आरोपियों को पैसों का लालच देकर इस धोखाधड़ी को अंजाम दिलवाया। इसके पश्चात पुलिस टीम द्वारा आरोपी दीपक को भी गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसका 6 दिन का पुलिस रिमांड मंजूर किया गया है। दौरान-ए-रिमांड आरोपी से गहनता से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा किया जाएगा।