फरीदाबाद (मज़दूर मोर्चा) औद्योगिक नगरी के तमाम मुख्य मज़दूर संगठनों द्वारा गठित ज्वाइंट ट्रेड यूनियन काउंसिल की एक महत्वपूर्ण बैठक दिनांक 15 नवम्बर को, हिन्द मज़दूर सभा के जि़ला अध्यक्ष आरडी यादव की अध्यक्षता में उनके कार्यालय में सम्पन्न हुई। मज़दूरों से नियमित वसूली करके ईएसआई कॉर्पोरेशन अपना खजाना भरने में तो जुटी है लेकिन बदले में चिकित्सा सुविधाएं देने में आना-कानी की जा रही है। बीते चार माह, जबसे नए डीन डॉ. कालिदास ने एनएच तीन स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल का कार्य-भार सम्भाला है, तब से दवाओं में भारी कटौती करने के साथ-साथ वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉक्टरों को भी यहां से भगा कर मरीजों को उनके भाग्य भरोसे छोड़ दिया गया है। यह सब इसलिए किया जा रहा है ताकी कार्पोरेशन का खर्चा घटाया जाय। मज़दूर प्रतिनिधियों द्वारा जब भी यह मामला डीन के सामने उठाया गया तो वे सदैव यही कहते रहे कि जल्द ही सब कुछ ठीक हो जाएगा।
लेकिन बीते तीन माह में कुछ भी ठीक होता नजर नहीं आया। लगता है कि डीन एवं कार्पोरेशन मज़दूरों को हल्के में ले रहे हैं। उन्होंने मान लिया है कि यहां का मज़दूर आन्दोलन मर चुका है। उनकी इस गलतफहमी को दूर करने के लिए मज़दूर संगठनों ने खड़े होकर यह बताने का निर्णय लिया है कि संगठन अभी जिंदा है। बेहतर होगा कि यदि डॉक्टर कालिदास यहां के जुझारू इतिहास की कुछ जानकारी, समय रहते प्राप्त कर लें।
जॉइंट ट्रेड यूनियन काउंसिल फरीदाबाद की 15 नवंबर को हुई मीटिंग के निर्णय? निम्नलिखित है। 1. 26 नवंबर 2025 को सभी ट्रेड यूनियन,कर्मचारी संगठन, बैंक बीमा क्षेत्र के संगठन केंद्रीय श्रमिक संगठनों और संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर जिला स्तर पर विशाल प्रदर्शनों की कार्रवाई करनी है। बैठक में प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए रूपरेखा तैयार की गई। जो निम्न प्रकार है 1. जॉइंट ट्रेड यूनियन काउंसिल के प्रत्येक घटक से कम से कम 50 साथी इस प्रदर्शन में भाग लेंगे। 2. इस प्रदर्शन का हैंड बिल निकाला जाएगा। 3. प्रत्येक संगठन से इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए 500 जॉइंट ट्रेड यूनियन काउंसिल को देने का निर्णय भी लिया गया। 4-प्रदर्शन के दिन 26 नवंबर को सुबह 11.00 सभी घटकों के साथी राजस्थान भवन के सामने ? सेक्टर 12 में एकत्रित होंगे। यहां से प्रदर्शन करते हुए जिला मुख्यालय पर जाकर ज्ञापन दिया जाएगा। 5-सभी स्वतंत्र यूनियनों से भी, इन प्रदर्शनों में भाग लेने की अपील की जायेगी। 6-बैठक में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल नंबर 3 में व्यापक अनियमिताओं पर चिंता प्रकट की गई। सूत्रों से ज्ञात हुआ है। कि ईएसआईसी अस्पताल में लाभार्थियों का इलाज ठीक प्रकार से नहीं हो रहा है। डिस्पेंसरी में दवाइयां नहीं है। इसलिए 27 नवंबर को सुबह 11 बजे जॉइंट ट्रेड यूनियन काउंसिल का शिष्टमंडल मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डीन से मिलने जाएगा। यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की घोषणा भी की जाएगी।