नगर निगम में चल रहा टाइल्स घोटाला

नगर निगम में चल रहा टाइल्स घोटाला
April 27 16:22 2026

ऱीदाबाद (मज़दूर मोर्चा) ट्रिपल इंजन सरकारों में करोड़ों के घोटालों का केंद्र बन चुके नगर निगम में अब टाइल्स घोटाला सामने आया है। फार्मेसी काउंसिल में गबन और भ्रष्टाचार के आरोपी विधायक धनेश अदलखा की विधानसभा में सारे मानक ताक पर रख कर धड़ाधड़ इंटरलॉकिंग टाइलें उखाड़ी जा रही हैं। उखाड़ी गई इन टाइलों को कूड़े के दाम बेचने और फिर दूसरी जगह नई के दाम पर लगा कर लूट कमाई किए जाने की चर्चाएं नगर निगम में जोरों पर हैं। निगम कर्मियों का कहना है कि लूट कमाई के लिए पहले टाइलें उखाड़ कर सड़कें चौड़ी की जा रही हैं फिर कुछ समय बाद इन सड़कों को फिर से तोड़ कर कुछ नया विकास किया जाएगा।

भ्रष्टाचारी धनेश अदलखा खट्टर को मोटा चढ़ावा चढ़ाकर टिकट खरीद लाया और विधायक बन गया। सत्ता संभालते ही उसने लूट कमाई के लिए बड़ी बड़ी योजनाएं बनानी शुरू कीं। दशहरा मैदान से सैनिक कॉलोनी तक एलिवेटेड रोड, सैनिक कॉलोनी से बाटा चौक तक एलिवेटेड रोड, गुडग़ांव से पेयजल लाने की घोषणाएं कीं। जल्द ही उसे समझ आ गया कि सिर्फ घोषणाओं से पैसा नहीं बनेगा तो उसने नगर निगम के भ्रष्ट अधिकारियों, इंजीनियरों से लूट कमाई के उपाय पूछे। विधायक का वरद्हस्त पड़ते ही निगम के हरामखोर अधिकारियों ने लूट कमाई का सबसे अच्छा स्रोत सड़क और इंटरलॉकिंग टाइलों का खेल शुरू किया। अदलखा ने पंजाबी बहुल अंधभक्तों के इलाके एनआईटी एक-दो में सड़क-इंटरलॉकिंग का खेल शुरू किया।

चार महीने पहले यानी जनवरी में नगर निगम ने एनआईटी एक-दो के चौक से दो ई ब्लॉक मोड़ तक सड़क चौड़ी करने का नाटक शुरू किया। तब निगम अधिकारियों ने बताया था कि विधायक की मंशा के अनुरूप 22 फीट चौड़ी सड़क को 45 फीट किया जाएगा। निगम सूत्रों के अनुसार विधायक महोदय तो दीवार से दीवार तक सड़क बनवाने के मूड में थे लेकिन टूव्हीलर मार्केट वाले चुनाव में सबक सिखाने की धमकी देने लगे, इस पर उन्हें दुकान के सामने सात-सात फीट जगह छोडऩे का आश्वासन दिया ताकि वो अपनी बाइक सड़क तक खड़ी कर सकें। आश्वासन मिलने पर सड़क के दोनों ओर सड़कों की इंटरलॉकिंग टाइलें उखाड़ डाली गईं और निगम के अधिकारी-ठेकेदार गायब हो गए। सड़क पिछले लगभग चार महीने से खुदी पड़ी है। लगभग एक किलोमीटर लंबी इस सड़क के चौड़ीकरण का खर्चा 77 लाख बताया जा रहा है। अब नगर निगम में चर्चा है कि इस सड़क के दोनों ओर से उखाड़ी गई इंटरलॉकिंग टाइलें गायब हैं। जानकारों के अनुसार निगम अधिकारियों ने उखाड़ी गई टाइलों में खेल कर दिया है। इसे मलबा बताकर ठेकेदार को ही मलबे के दाम में सौंपा जा रहा है। यहां से उखाड़ी गईं ये टाइलें किसी नई जगह पर नए के नाम पर दोबारा लगाई जाएंगी और मोटी बंदरबांट होगी।

सुधी पाठकों को याद दिलाते चलें कि सितंबर 2023 में हार्डवेयर-प्याली चौक के बीच सड़क के दोनों ओर ठेकेदार द्वारा नई के नाम पर पुरानी टाइलें लगाए जाने का खुलासा हुआ था। ये टाइलें लग भी जातीं और ठेकेदार-अधिकारी-नेताओं के बीच बंदरबांट भी हो जाती लेकिन समाजसेवी वरुण श्योकंद ने पोल खोल दी थी। इस पर अधिकारियों ने ठेकेदार को नई टाइलें लगाने के निर्देश दिए, होना तो यह चाहिए था कि ठेकेदार के काम की जांच कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती लेकिन जब ऊपर से लेकर नीचे तक सब खाने-कमाने में जुटे हैं तो साथी को बचाने के लिए खानापूर्ति ही की जाती है।
पाठकों को यह भी याद होगा कि 2019 में तत्कालीन बडख़ल विधायक सीमा त्रिखा ने विधानसभा क्षेत्र की सभी सड़कों के दोनों ओर इंटरलॉकिंग टाइलें बिछाने का आदेश दिया था। 66 करोड़ के इस प्रोजेक्ट के तहत 2022 में एनआईटी एक-दो चौक से ई ब्लॉक और आसपास के इलाकों में भी सड़क के दोनों ओर इंटरलॉकिंग टाइलें बिछाई गईं थीं। सिर्फ चार साल में ही अदलखा टाइल्स उखड़वाने में लग गया है।

समझने वाली बात यह है कि सड़क ई ब्लॉक मोड़ तक चौड़ी की जानी थी लेकिन अब इंटरलॉकिंग टाइलें आगे लखानी धर्मशाला तक उखाड़ दी गई हैं। निगम सूत्रों के अनुसार यह भी विधायक अदलखा के आदेश पर किया जा रहा है। अदलखा आदेश देता है और निगम अधिकारी बिना टेंडर, वर्कऑर्डर या प्रक्रिया पूरी किए ही उखाड़ पछाड़ करने में जुट जाते हैं। निगम में चर्चाओं के अनुसार केवल 77 लाख रुपये का प्रोजेक्ट कम लग रहा था इसे एक करोड़ पहुंचाना है ताकि अच्छी हिस्सापत्ती बन सके इसलिए नए काम जोड़े जा रहे हैं, जब अदलखा को लगेगा कि इतना ठीक है तब ही काम रुकेगा। जानकार इस विकास कार्य को सिर्फ लूटमार बता रहे हैं इन लोगों का कहना है कि केवल एक-दो चौक से ई ब्लॉक या लखानी धर्मशाला तक सड़क चौड़ी करने से क्या होगा, आगे जाकर ये सड़क फिर 22 फीट चौड़ी ही है यानी आगे जाकर बॉटल नेक बनेगी और फिर जाम लगेगा, यानी ये प्रोजेक्ट जनहित में नहीं बल्कि लूट कमाई के लिए बनाया गया है। भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता आनंद कांत भाटिया ने आरोप लगाया है कि बडख़ल विधानसभा क्षेत्र से उखाड़ी जा रही टाइलें नगर निगम के स्टोर में न जाकर दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में भेजी जा रही हैं, कुछ लोग इन टाइलों को निजी इस्तेमाल में ले रहे हैं। उनका दावा है कि उन्होंने इसकी शिकायत बडख़ल विधायक धनेश अदलखा से की लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। भाटिया को समझ लेना चाहिए कि जो लूटमार खुद विधायक की हिस्सापत्ती में हो रही हो उसे भला कौन रोकेगा।

जानकार सड़क चौड़ीकरण के इस प्रोजेक्ट को जनता का धन लूटने वाला कहते हैं। उनके अनुसार केवल सड़क चौड़ी की जा रही है, भविष्य में नीचे पाइप लाइन, सीवर लाइन, स्टॉर्म वाटर लाइन या गैस पाइपलाइन डालने की इस प्रोजेक्ट में कोई व्यवस्था नहीं है। यानी ये लाइनें डालने के लिए भविष्य में यह सड़क उसी तरह उखाड़ी जाएगी जैसी बीते दिनों डबुआ मंडी के पास पाइप लाइन डालने के लिए सीसी रोड खोद डाली गई। दूसरा कारण बताते हैं कि गिरते भूजल स्तर के कारण पहले ही क्रिटिकल जोन में आ चुके शहर में सीसी सड़कें नहीं बनाई जानी चाहिएं, बहुत से शोध बता चुके हैं कि सीसी रोड पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाती हैं। ये सड़कें केवल उन्हीं जगहों पर बनाई जानी चाहिए जहां वर्ष के अधिकतर समय जमीन में नमी बनी रहती है। लोगों का कहना है कि सड़क तो चौड़ी हो जाएगी लेकिन जल निकासी व्यवस्था न होने से बरसात में जलभराव की समस्या और भी ज्यादा हो जाएगी। अभी इंटरलॉकिंग के कारण बरसात का काफी पानी सीपेज के जरिए जमीन में समा जाता है लेकिन सड़क चौड़ी होने के बाद सीपेज लगभग समाप्त हो जाएगा और पानी कई दिन तक इकट्ठा रहेगा जो बीमारियों का कारण भी बनेगा।

जानकार ये भी कहते हैं कि अदलखा कमाई और वोट बैंक दोनों बरकरार रखना चाहते हैं, कमाई के लिए सड़क चौड़ी करवा रहे हैं और वोट बैंक के लिए टू व्हीलर मार्केट वालों को अतिक्रमण करने की छूट दे रहे हैं। इनके अनुसार सड़क चौड़ी होने के बाद बची हुई जगह में फुटपाथ और साइकिल ट्रैक बनाया जाना चाहिए ताकि मुख्य सड़क बड़े वाहनों के लिए पैदल, साइकिल यात्रियों से मुक्त हो। अदलखा द्वारा दुकानदारों को अतिक्रमण करने की छूट देने से हालात खराब ही होने हैं। कुल मिला कर सड़क चौड़ीकरण से आम जनता का नहीं बल्कि भ्रष्ट अधिकारियों, विधायक, ठेकेदारों का ही भला होने वाला है।

  Article "tagged" as:
  Categories:
view more articles

About Article Author

Mazdoor Morcha
Mazdoor Morcha

View More Articles