करनाल। गली- मोहल्लों में रेहड़ी लगाकर चाट-पकौड़ी व अन्य खाद्य पदार्थ बेचने वालों से नियमित वसूली के तहत नगर निगम रामलीला ग्राउंड में स्ट्रीट फूड हब बनाने जा रहा है। नगर निगमायुक्त नीरज कादियान के अनुसार बड़े शहरों की तर्ज पर शहर में स्ट्रीट फूड हब बनाया जाएगा। यदि ऐसा है तो पहले उन्हें अध्ययन करवाना चाहिए था कि कितने बड़े शहरों में स्ट्रीट फूड हब योजना सफल साबित हुई है, अधिकतर महानगरों में तो केंद्र सरकार की यह योजना फ़्लॉप ही साबित हुई है। दूसरी बात जिस रामलीला मैदान में यह स्ट्रीट फूड हब बनाए जाने की तैयारी की जा रही है, उसके खिलाफ स्थानीय कमेटी के लोग न्यायालय से स्टे लेकर आए हैं। निगमायुक्त महोदय को चाहिए था कि पहले अड़चनों को दूर करते, फिर इसे अमली जामा पहनाते।
नगर निगम आयुक्त नीरज कादियान ने बताया कि इसके लिए नगर निगम की ओर से आमंत्रित निविदाएं खुल हो गई हैं। तकनीकी जांच के बाद नियमों पर खरा उतरने वाली एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के निर्देश पर तैयार की जा रही इस परियोजना पर नवंबर में कार्य शुरू करवाए जाने की उम्मीद रहेगी, आगामी 6 महीनों में इसे पूरा कर लिया जाएगा। यहों वैंडरों के लिए 50 वैंडिंग स्ट्रक्चर तैयार किए जाएंगे। नागरिकों की सुविधा के लिए 2 वाटर कूलर, पुरुष व महिलाओं के लिए अलग-अलग ऑटोमेटिक शौचालय, रोशनी, शैड व पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाएं दी जाएंगी। बैठने के लिए गोल बैंच लगाए जाएंगे। इन पर अनुमानित 95 लाख रुपये का खर्चा आएगा।
शहरवासियों को एक ही जगह पर बेहतर गुणवत्ता युक्त स्वादिष्टï एवं चटपटे व्यंजन मुहैया होंगे। नागरिक अपने परिवार के साथ इन व्यंजनों का लुत्फ उठा सकेंगे। खाद्य पदार्थों पर रहेगी नजर, निगम आयुक्त नीरज कादियान ने बताया कि स्ट्रीट फूड हब पर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की सीधी नजर रहेगी। इस एजेंसी की ओर से वहां मौजूद सभी वैंडरों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा ताकि यहां मिलने वाले सभी खाद्य पदार्थ स्वच्छता मानकों पर खरा उतरें। एजेंसी समय-समय पर निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की जांच भी करेगी। शहर के बीच में होने के कारण रामलीला ग्राउण्ड मेें स्ट्रीट फूड हब बनाया जा रहा है, ताकि शहरवासियों को इसका लाभ मिल सके। इसके विपरीत ज्ञान प्रकाश बागी ने निगमायुक्त की घोषणा पर आश्चर्य जताते हुए कहा कि ऐतिहासिक पंखा दंगल कमेटी ने स्थानीय कोर्ट सेे स्टे ले रखा है इसके बावजूद रामलीला ग्राउण्ड में स्ट्रीट फूड हब बनाने पर अड़ा है।