करनाल। ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ अभियान के तहत भाजपा के कुशासन, 10 साल की विफलताओं पर कांग्रेस पार्टी बीजेपी सरकार को लगातार घेर रही है। पूर्व विधायक सुमिता सिंह ने भाजपा सरकार की नाकामियों की 15 चार्ज शीट पाल नगर वासियों के बीच प्रस्तुत की। हरियाणा मांगे हिसाब अभियान के तहत गांव वालों ने उनका जोरदार स्वागत किया और भाजपा की डबल इंजन सरकारों की जन विरोधी नीतियों पर लोगों ने भी खुल कर अपनी राय भी जाहिर की। सुमिता सिंह ने सबको विश्वास दिलाया कि कांग्रेेस की सरकार बनते ही सिर्फ पाल नगर या करनाल की नहीं बल्कि पूरे प्रदेश की जनता की समस्याओं को दूर किया जाएगा। पेंशन काटे जाने से परेशान गांव कें बहुत से बुजुर्ग, विधवाएं, दिव्यांगों ने उनसे शिकायत की और अधिकतर गांव वालों ने परिवार पहचान पत्र के नाम पर प्रशासन द्वारा परेशान किए जाने की शिकायत उनसे की। उन्हें जोर देते हुए वादा किया कि कांग्रेस सरकार आने पर जनविरोधी पोर्टलों से मुक्ति दिलाए जाएगी।
विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं और पूर्व विधायक सुमिता सिंह ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया गया है। जन संपर्क अभियान के दौरान जनता से मिल रहे भरपूर समर्थन पर आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि जनता समझ चुकी है की आने वाला समय कांग्रेस पार्टी का है। हमारा यह अभियान लगातार जारी रहेगा और घर -घर, हर घर तक कांग्रेस पार्टी की नीतियों को पहुंचाया जाएगा। कहा कि देश में किसानों और जवानों को हमेशा आदर की दृष्टि से देखा जाता है लेकिन बीजेपी सरकार ने सत्ता के अभिमान में किसान को भी अपमानित किया और जवान को भी अपमानित किया है।
उन्होंने आगे कहा कि किसान आंदोलन के दौरान देश का किसान बैठा रहा एक साल तक दिल्ली बॉर्डर पर बैठा रहा और 750 किसानों ने अपनी जान कुर्बान कर दी। पूछा कि किसानों का क्या कसूर था जो एक साल तक दिल्ली की सीमाओं पर बैठे रहे। क्या कसूर था उन 750 किसान परिवारों का जिनके घर के चिराग बुझ गए। सत्ता में बैठे लोगों ने किसानों को देशद्रोही तक कहा। जबकि, किसान देश भक्त वर्ग है जिसका एक बेटा ट्रैक्टर की स्टेयरिंग पकड़कर खेतों में काम करता है तो दूसरा बेटा मशीनगन पकड़कर देश की सीमाओं की रक्षा करता है। वहीं दूसरी ओर, पदक विजेता खिलाडिय़ों के साथ फोटो खिंचवाने वाली बीजेपी सरकार ने दिल्ली की सड़कों पर न्याय मांग रही महिला खिलाडिय़ों को न्याय भी नहीं दिया। पदक विजेता खिलाड़ी बेटियों को बर्बरता से सड़कों पर घसीटा गया और अपमानित किया गया।
उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने देश को बेरोजगारी के गर्त में धकेल दिया। पक्के सरकारी पद समाप्त किये जा रहे हैं। पक्की सरकारी नौकरियों को अग्निवीर जैसी योजना लाकर कच्ची नौकरी में बदल दिया। वन रैंक-वन पेंशन का नारा देकर सत्ता में आने वाली बीजेपी ने अग्निवीर योजना लाकर नो रैंक-नो पेंशन कर दी। इतना ही नहीं अग्निवीर योजना के तहत भर्ती सैनिक की शहादत होने पर उन्हें न तो शहीद का दर्जा मिलता है, न पेंशन, न ग्रेच्युटी और उनके आश्रितों को मेडिकल व अन्य सुविधाएं। अग्निवीर को पूर्व सैनिक का दर्जा और पूर्व सैनिक को मिलने वाली सुविधाएं भी नहीं मिलतीं।
इस योजना को लेकर नौजवानों में भारी निराशा है। यही कारण है कि बड़ी संख्या में अग्निवीर सैनिक ट्रेनिंग बीच में ही छोड़ रहे हैं। हरियाणा के नौजवानों का सपना देश की फौज में भर्ती होकर देश सेवा करने का होता है लेकिन बीजेपी ने हर नौजवान के सपने को चूर कर दिया। कांग्रेस सरकार आने पर बुजुर्गों को 6000 पेंशन और कर्मचारियों को ओपीएस का लाभ दिया जाएगा महंगाई से राहत देने के लिए 300 यूनिट मुफ्त बिजली और 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर मुहैया करवाया जाएगा। बेरोजगारी पर काबू पाने के लिए खाली पड़े 2 लाख पदों को भरा जाएगा। उन्होंने सबसे अपील की कि कांग्रेस का साथ दें और कांग्रेस सरकार आने पर आप सभी की समस्याओं का समाधान किया जायेगा इस अवसर पर कर्मवीर पूर्व सरपंच,अंकित गुज्जर, सूबे सिंह, राजिंदर, सुरेश, राम स्वरूप नंबरदार, करमवीर पाल,अशोक कुमार, सुभाष, शीशपाल, पाला राम, सतीश गुज्जर डेयरी, यशपाल, बलबीर फौजी,जितेंद्र, राजपाल,आदि मौजूद रहे।