हूडा के भ्रष्ट अधिकारी ग्रीन बेल्ट पर करवा रहे कब्जा

हूडा के भ्रष्ट अधिकारी ग्रीन बेल्ट पर करवा रहे कब्जा
April 06 07:20 2025

फऱीदाबाद (मज़दूर मोर्चा) हूडा के हरामखोर और निकम्मे अधिकारी अब ग्रीन बेल्ट तक बेच खाने में जुटे हुए हैं। सेक्टर 21ए में प्लॉट 36-37 के पिछवाड़े स्थित ग्रीन बेल्ट की बेशकीमती जमीन पर मकान मालिक कब्जा कर धड़ल्ले से अवैध निर्माण कर रहा है। हूडा सर्वे विभाग के भ्रष्ट अधिकारियों को खुद ही इस पर कार्रवाई करनी चाहिए थी लेकिन शिकायत किए जाने के बावजूद ये बेशकीमती जमीन को बचाने को राजी नहीं हैं। सेक्टर 21ए डब्ल्यूसीआरए के अध्यक्ष गजराज नागर ने हूडा प्रशासक को पत्र लिख कर त्वरित कार्रवाई करने की मांग की लेकिन कुछ कार्रवाई होती नहीं दिख रही।

गजराज नागर के अनुसार सेक्टर 21ए में एक-एक हजार गज के प्लॉट नंबर 36 व 37 के पीछे ग्रीन बेल्ट है। बीते कुछ समय से मकान मालिक इस ग्रीन बेल्ट के पेड़ और हरियाली काट कर अवैध निर्माण कर रहे हैं। हूडा की संपत्ति पर इस तरह अवैध कब्जे और निर्माण का संज्ञान तो प्राधिकरण के संंबंधित अधिकारियों ने लिया होगा लेकिन अच्छी खासी कीमत वसूल कर आंख मींच लीं। इन अधिकारियों ने कब्जे और अवैध निर्माण का संज्ञान नहीं लिया तो गजराज नागर ने 11 मार्च 2025 को मौके की फोटो सहित शिकायती पत्र तैयार कर हूडा में दिया।

मकान मालिक से मिलीभगत कर हूडा की जमीनों पर कब्जा करवाने वाले हरामखोर अधिकारियों ने उनके पत्र को मानो रद्दी की टोकरी में डाल दिया। इधर मकान मालिक धड़ल्ले से अवैध निर्माण जारी किए हुए है, कोई कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने 18 मार्च को हूडा प्रशासक को कड़ा पत्र लिख कर उनके मातहतों की शिकायत की और अवैध निर्माण को फौरन रुकवा कर तुड़वाने की मांग की। पत्र में उन्होंने हूडा प्रशासक को यह भी बताया कि केवल इसी जगह अवैध निर्माण और अतिक्रमण नहीं हो रहा है, सेक्टर 21 में ही हूडा की बहुत ही अन्य जगहों पर बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण और कब्जे हो रखे हैं जिन्हें जल्द से जल्द मुक्त कराने की जरूरत है।

हूडा सर्वे विभाग के नालायक और खाऊ अधिकारियों के कारण सेक्टर 21 में ही ग्रीन बेल्ट पर कब्जा नहीं हुआ है। सेक्टर नौ में भी दबंगों ने सड़क तक पर अतिक्रमण कर रखा है। यहां मकान नंबर 460 के मालिक ने अपने घर के बाहर आठ-दस फीट तक रैंप और दरवाजे पर पक्का गार्ड रूम बनाया हुआ है। सड़क तक बनाए गए रैंप को सुरक्षित करने के लिए सीमेंट के पिलर को पाम ट्री की शक्ल में खड़ा कर जगह घेरी गई है।

इतना ही नहीं सेक्टर 17 की रोज एवेन्यू में मकान नंबर 825 के मालिक ने सड़क पर कब्जा कर सीढिय़ां और आठ-दस फीट लंबा रैंप बना रेलिंग लगा कर कब्जा कर रखा है। रेलिंग और सीढिय़ों के कारण सड़क आधी ही रह गई है। हल्की सी बरसात में सड़क पर जलभराव हो जाता है। यह तो नहीं माना जा सकता कि हूडा का सर्वे विभाग सो रहा हो लेकिन इसके अधिकारी सोए रहने का अभिनय करने के बदले मोटी वसूली जरूर कर रहे हैं। सेक्टर 21 ए, सेक्टर 9 और 17 में कार्रवाई नहीं किया जाना इसका बड़ा प्रमाण है, ये तो चंद एक उदाहरण हैं हकीकत में तो इस तरह के सैकड़ों उदाहरण गली गली में देखे जा सकते हैं।

  Article "tagged" as:
  Categories:
view more articles

About Article Author

Mazdoor Morcha
Mazdoor Morcha

View More Articles