एफएमडीए ने फिर की सड़कों पर हत्या की तैयारी

एफएमडीए ने फिर की सड़कों पर हत्या की तैयारी
October 28 07:02 2024

सेक्टर 14-15 की डिवाइडिंग रोड खोद कर छोड़ी गई, चेतावनी बोर्ड और बैरिकेडिंग भी नहीं लगाए
फऱीदाबाद (मज़दूर मोर्चा) एफएमडीए की लापरवाही के कारण सड़क पर बने गड्ढे मे गिरकर युवक की मौत के बावजूद इसके हरामखोर अधिकारी होश में नहीं आए हैं। अब सेक्टर 14-15 की डिवाइडिंग रोड की मरम्मत के लिए सड़क बीते ढाई महीनों से खोद कर छोड़ रखी है। स्ट्रीट लाइट और बैरिकेडिंग न होने के कारण रात के अंधेरे में किसी भी वाहन चालक के साथ कुछ भी हो सकता है। सेक्टर 14-15 डिवाइडिंग रोड की मरम्मत के लिए एफएमडीए ने पूरी सड़क खोद रखी है, इसके कारण दो पहिया-चार पहिया वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

खेादी गई सड़क में जगह जगह मिट्टी से भरे कट्टे रख कर रास्ता रोका गया है। इन जगहों पर न तो बैरिकेडिंग की गई है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है। पूरी सड़क पर स्ट्रीट लाइट भी नहीं है, ऐसे में रात के अंधेरे मे सड़क पर रखे ये कट्टे वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ठेके की शर्तों में सुरक्षा प्रबंध करने का प्रावधान भी होता है लेकिन ठेकेदार नहीं करता, इस मद के धन की ठेकेदार और अधिकारियों के बीच बंदरबांट हो जाती है। लगता है कि एफएमडीए के अधिकारियों को किसी अन्य विमल के गड्ढे में गिरकर मरने का इंतजार है, ताकि उस घटना की तरह यहां भी बाद में बैरिकेडिंग की जाए।

लोगों में यह भी रोष है कि करीब ढाई महीने हो गए लेकिन सड़क की मरम्मत का काम पूरा नहीं हुआ है यदि समय पर काम नहीं किया गया तो सर्दियां आ जाएंगी, तापमान कम होने के कारण सड़क निर्माण कार्य फिर लटक जाएगा। कोहरे और अंधेरे में तो ये खुदी हुई सड़क और भी जानलेवा साबित होगी।

  Article "tagged" as:
  Categories:
view more articles

About Article Author

Mazdoor Morcha
Mazdoor Morcha

View More Articles