होडल (मज़दूर मोर्चा) विधानसभा चुनाव में आदर्श आचार संहिता का कितना उल्लंघन किया जा सकता है इसकी होड़ भाजपा, कांग्रेस सहित अन्य पार्टियों और निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच लगी हुई है।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों पर चलने का दावा करने वाली कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और होडल विधानसभा प्रत्याशी उदयभान ने बुधवार यानी गांधी जयंती के दिन दीघोट गांव में समर्थकों के बीच खुल कर शराब बांटी। बताया जा रहा है कि उदयभान ने करीब डेढ़ सौ बोतल शराब बांटी। शुचिता, संस्कार और धर्म का झंडा उठाने वाली भाजपा के प्रत्याशी हरिंदर सिंह रामरतन भी कहां पीछे रहने वाले थे, जैसे ही पता चला कि उदयभान शराब बांट कर जीत हासिल करने की कोशिश कर रहा है तो उसने भी अवैध शराब की पेटियों का मुंह खोल दिया। बताया जा रहा है कि हरिंदर ने शराब की ढाई सौ बोतलें बंटवा कर खुद को उदयभान से आगे साबित कर दिया। सरकार गांधी जयंती पर शराब की दुकानें बंद रखने का आदेश जारी करती है, और चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता का पालन कराने को प्रतिबद्ध प्रशासनिक अधिकारी भी शराब की बिक्री पर कड़ी नजर रखने का दावा करते हैं लेकिन प्रत्याशी और पियक्कड़ दोनों ही सरकार व प्रशासन के दावों की पोल खोल देते हैं।