वोट चोरी पर सैलजा ने भाजपा और चुनाव आयोग को घेरा

वोट चोरी पर सैलजा ने भाजपा और चुनाव आयोग को घेरा
September 25 08:47 2025

करनाल। करनाल के घरौंडा में कांग्रेस नेता रघबीर संधू के घर पहुंचीं कांग्रेस नेत्री एवं सांसद कुमारी सैलजा ने राहुल गांधी द्वारा उठाए गए वोट चोरी के मुद्दे का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जब भी वोट चोरी की बात करते हैं, तो सबूतों के साथ करते हैं। पिछली बार भी उन्होंने सबूत दिए थे और इस बार भी पुख्ता सबूत दिए हैं। पिछली बार वोटों को नकली ढंग से जोड़े जाने का मामला सामने आया था और अब यह साबित हुआ है कि टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके वोट काटे गए। करीब 6 हजार वोटों को तथ्यों के साथ पेश किया गया है, जिसमें कर्नाटक और महाराष्ट्र दोनों जगह वोट काटे गए।

सैलजा ने कहा कि यह तो सिर्फ एक नमूना है कि किस प्रकार भाजपा ने हमारे लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास किया। अभी तो परतें खुलनी शुरू हुई हैं, आगे और भी बातें सामने आएंगी और जनता को सच पता चलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र का गला घोंटने की कोशिश की है। हमारा देश संविधान से चलता है और भाजपा को यह समझना चाहिए। छींटाकशी के लिए एआई वीडियो इस्तेमाल करने के सवाल पर सैलजा ने कहा कि राजनीति में टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल पहले से होता आया है, लेकिन जब मोदी आए, तो इसका इस्तेमाल और ज्यादा होने लगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार की भाषा आज राजनीति में आ गई है, वह पहले कभी नहीं देखी गई। सोनिया गांधी के बारे में भी नेताओं ने कई अनुचित टिप्पणियां कीं। ऐसी राजनीति हमारी संस्कृति का हिस्सा नहीं है। सत्ता पक्ष को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए और यह देखना चाहिए कि राजनीति किस दिशा में जा रही है।

इनेलो नेता अभय चौटाला के बयान पर कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार आती अगर बाप-बेटे ने भाजपा के साथ साठगांठ न की होती, इस पर सैलजा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार आनी चाहिए थी और लोगों का भी यही मन था। उन्होंने कहा कि सरकार क्यों नहीं बनी, इसके कुछ कारण सबको पता हैं और कुछ धीरे-धीरे सामने आएंगे। अनिल विज से मंत्री का दर्जा ट्विटर से हटाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा में यह हमेशा चलता रहा है। उनकी अपनी सरकार में मंत्री और विधायक सवाल उठाते रहते हैं। कहीं न कहीं बहुत गड़बड़ है, ऑल इज नॉट वेल, जल्द ही सबके सामने आ जाएगा। हुड्डा गुट के समर्थकों के उनके गुट में शामिल होने की चर्चा पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में एक है और पूरी तरह से एकजुट है। अब गुटों में बांटने का काम पार्टी या जनता के हित में नहीं है, जो लोग गुटबाजी की सोच रखते हैं, वह सही नहीं कर रहे।

उचाना के विधायक की याचिका हाईकोर्ट में खारिज होने पर सैलजा ने कहा कि अब मेन केस चलेगा। यह याचिका केवल रिकाउंटिंग रोकने के लिए थी, जिसे कोर्ट ने खारिज किया है। हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है कि आगे बहस होगी और नतीजा हमारे पक्ष में आएगा। बरसात और बाढ़ की वजह से खराब हुई फसलों पर सैलजा ने कहा कि इस मार से सिर्फ किसान ही नहीं, बल्कि मजदूर, व्यापारी और दुकानदार भी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने पोर्टल खोला है, लेकिन उसकी कहानी ही समझ में नहीं आ रही। पहले कहा गया कि 17 सितंबर तक पोर्टल खुला रहेगा, लेकिन पोर्टल चल ही नहीं रहा। किसानों को गुमराह किया जा रहा है। मुआवजे के नाम पर कभी 60 हजार और कभी 15 हजार की बात कही जाती है। यह किसानों के साथ मजाक है।

उन्होंने कहा कि जब केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार है तो हरियाणा सरकार किस बात की शर्म कर रही है। राज्य सरकार को केंद्र से पैसा लेना चाहिए और किसानों के नुकसान की भरपाई करनी चाहिए। मुख्यमंत्री किस बात का इंतजार कर रहे हैं। दिवाली करीब है, ऐसे में जो पात्र हैं, उन्हें तुरंत पैसा मिलना चाहिए। सैलजा ने साफ कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की है और जनता को इसका एहसास जल्द होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए पूरी तरह से तैयार है और आने वाले समय में…………………

  Article "tagged" as:
  Categories:
view more articles

About Article Author

Mazdoor Morcha
Mazdoor Morcha

View More Articles