उसको फांसी दे दो

उसको फांसी दे दो
November 17 15:38 2024

गोरख पांडे

वह कहता है उसको रोटी, कपड़ा चाहिए
बस इतना ही नहीं, उसे न्याय भी चाहिए
इस पर से उसको सचमुच आजादी चाहिए
उसको फांसी दे दो

वह कहता है उसे हमेशा काम चाहिए
सिर्फ काम ही नहीं,काम का फल भी चाहिए
काम और फल पर बेरोक दखल भी चाहिए
उसको फांसी दे दो

वह कहता है कोरा भाषण नहीं चाहिए
झूठे वादे हिंसक शासन नहीं चाहिए
भूखे नंगे लोगों की जलती छाती पर
नकली जनतंत्री सिंहासन नहीं चाहिए
उसको फांसी दे दो

वह कहता है अब वह सबके साथ चलेगा
वह शोषण पर टिकी व्यवस्था को बदलेगा
किसी विदेशी ताकत से वह मिला हुआ है
उसको इस गद्दारी का फल तुरंत चाहिए

आओ देशभक्त जल्लादों
पूंजी के विश्वस्त प्यादों
उसको फांसी दे द़ो।
–

  Article "tagged" as:
  Categories:
view more articles

About Article Author

Mazdoor Morcha
Mazdoor Morcha

View More Articles