करनाल (मज़दूर मोर्चा)। गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गांव दाहा, पुलिस व आरटीए करनाल टीम के संयुक्त तत्वावधान में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए रोड सेफ्टी, साइबर सुरक्षा तथा राहवीर योजना विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों व शिक्षकों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाव, यातायात नियमों के पालन तथा साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने के प्रति जागरूक करना रहा। उपस्थित अधिकारियों द्वारा छात्रों को बताया गया कि हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, मोबाइल फोन का प्रयोग न करना तथा ट्रैफिक नियमों का सम्मान करना सड़क सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।
साथ ही, साइबर सुरक्षा के अंतर्गत ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल/लिंक, सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से होने वाले नुकसान तथा उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त, राहवीर योजना के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। बताया गया कि किसी सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर सहायता कर उसे अस्पताल पहुंचाने वाले आम नागरिक (राहवीर) की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इस योजना के अंतर्गत यदि कोई राहवीर दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाता है, तो उसे सरकार द्वारा पच्चीस हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाता है। साथ ही, ऐसे राहवीरों को किसी प्रकार की कानूनी जटिलता का सामना नहीं करना पड़ता, जिससे आमजन नि:संकोच होकर मानवता के नाते सहायता कर सकें।
इस जागरूकता कार्यक्रम में जिला पुलिस करनाल की ओर से कोऑर्डिनेटर सहायक उप निरीक्षक अजय कुमार उपस्थित रहे। आरटीए करनाल टीम की ओर से आरटीए इंस्पेक्टर दीपक तथा टी/ प्रदान किया। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया और दी गई जानकारियों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। जिला पुलिस करनाल द्वारा आमजन से अपील की गई कि वे यातायात नियमों का पालन करें, साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें तथा किसी भी सड़क दुर्घटना की स्थिति में मानवता दिखाते हुए राहवीर बनकर घायल की सहायता करें।