सक्रिय कार्यकर्ताओं को संघी झूठ का पाठ पढ़ा गए केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर

सक्रिय कार्यकर्ताओं को संघी झूठ का पाठ पढ़ा गए केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर
April 30 15:04 2025

करनाल । ऊर्जा, आवास एवं शहरी मामलों के केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर बीते शनिवार को कृष्ण कृपा धाम में आयोजित सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचेे। बतौर मुख्य वक्ता उन्होंने कार्यकर्ताओं के सामने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बीते 11 वर्षाेैं में शुरू किए गए असफल कार्यक्रमों को उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत कर गौरवान्वित होने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11 सालों में सबसे बड़ा कार्य वैचारिक परिवर्तन का किया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि खट्टर कार्यकर्ताओं को मोदी द्वारा मुसलमान, ईसाई, दलित का हितैषी बता कर उनकी जड़ें काटने की वैचारिक मानसिकता से अवगत करा रहे थे।

मोदी राज मेें आरटीआई कानून को भोथरा कर दिया गया, न्यायपालिका को संघियों से भर कर अजीबोगरीब फैसले करवाए गए लेकिन खट्टर ने कार्यकर्ताओं से कहा कि मोदी ने देश हित में पारदर्शिता को बढ़ावा दिया है। उन्होंने सक्रिय सदस्यों से पार्टी के कार्यों और उसकी विचारधारा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। बताया कि आज प्रदेश में पार्टी के 45 हजार सक्रिय सदस्य बन चुके हैं जबकि 1996-97 में इनकी संख्या मात्र 3500 हजार थी। उन्होंने कहा कि सामान्य सदस्य वही है जो पार्टी का समर्थक हो, लेकिन सक्रिय सदस्य उसे माना जायेगा जो पार्टी के कार्यों और विचारधारा को आगे बढ़ाए। उन्होंने 1951 में भारतीय जनसंघ के अस्तित्व में आने से लेकर भाजपा के गठन तक के इतिहास पर प्रकाश डाला। भाजपा की स्थापना 6 अप्रैल 1980 हो हुई थी। विगत 45 सालों में भाजपा के सक्रिय सदस्यों की संख्या भी बढ़कर 34 हजार हो गई है। वह चालाकी से यह छिपा गए कि मंडल कमीशन और आरक्षण विरोधी आग को हवा देने और बाबरी मस्जिद विवाद को हवा देने से ही भाजपा की नफरत की राजनीति चमकी, इसीलिए पार्र्टी आज भी उसी पैटर्न पर चल रही है।

बताया कि 2025 आरएसएस का भी शताब्दी वर्ष है कार्यकर्ताओं को संघ की विचारधारा की भी जानकारी होनी चाहिए। भले ही आरएसएस राजनैतिक पार्टी नहीं है। उन्हें यह भी बताना चाहिए था कि आरएसएस राजनीतिक पार्टी नहीं है लेकिन उनके और मोदी जैसे संघी कार्यकर्ताओं को ही पीएम, सीएम बनाया जाता है, सक्रिय कार्यकर्ताओं से तो दरी चटाई ही ढुलवाई जाती है। संघ की शाखाओं में झूठ और नफरत का पाठ पढ़कर केंद्रीय मंत्री पद हासिल करने वाले खट्टर ने यह सफेद झूठ बोलने में जरा भी शर्म महसूस नहीें की कि 1977 तक देश के अधिकांश लोगों को लोकतंत्र के बारे में अधिक जानकारी नहीं थी। लोगों को 1977 में वोट की ताकत का पता चला। खट्टर ने दावा किया कि एक बार मोदी ने कहा था- देश पहले, मैं बाद में। जबकि कांग्रेसी कहते थे- मैं पहले, देश जाए भाड़ में। उनका दावा कितना सच्चा है यह तो शोध का विषय है लेकिन मोदी के पीएम बनने के बाद से तो लग रहा है कि जैसे वह कह रहे हों मैं, मेरे अडाणी-अंबानी और मेरी भाजपा पहले, देश जाए भाड़ में, चाहे चीन कब्जा करे या ट्रंप टैरिफ लगाए हम तो जनता को निचोड़ेंगे।

प्रधानमंत्री ने समाज में संतुलन के लिये पानीपत से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान शुरू किया। इसके बाद ही हरियाणा की पहलवान बेटियों को सड़कों पर घसीटा गया, प्रधानमंत्री के लोकसभा क्षेत्र वाराणसी में भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ताओं ने बीएचयू की छात्राओं का खुलेआम दुष्कर्म किया। मोदी के बेटी बचाओ अभियान से प्रेरित होकर गुजरात सरकार ने बिल्कीस बानो के दुष्कर्मियों को माफ कर दिया। यही है भाजपा की कथनी करनी में अंतर। खट्टर ने स्वच्छता अभियान का भी ढिंढोरा पीटा। स्वच्छता में प्रदेश की हालत क्या है किसी से छिपी नहीं है, ईकोग्रीन की लूट सबके सामने है। खट्टर ने यह भी दावा किया देश में 40 करोड़ लोग 11 साल के भीतर गरीबी रेखा से ऊपर आ चुके हैं उन्हें यह भी स्पष्ट करना चाहिए था कि फिर वो अस्सी करोड़ परिवार कहांं से आए जो सरकार की मुफ्त की खैरात पर जीवन यापन कर रहे हैं।

विश्व के 177 देशों ने योग दिवस को मान्यता दी। आज मेडिकल, इंजीनियरिंग, कानून आदि की पढ़ाई भारतीय भाषाओं में होने लगी है। अच्छी बात है लेकिन खट्टर को यह भी बताना चाहिए था कि सीएम रहते हुए उन्होंने बीते साढ़े नौ साल में जितने मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन किया था उनमें पढ़ाई नहीं हो रही थी। यह भी बताना चाहिए कि इंजीनियरिंग कॉलेजों से पढ़े युवकों को सरकार रोजगार न तो दे पा रही है और न ही दिला पा रही है। रेलवे और मेट्रो का विस्तार किया जा रहा है। खट्टर को यह भी बताना चाहिए था कि रेलवे को निजी हाथों में सौंप कर गरीब जनता से दोगुने तिगुने दाम वसूले जा रहे हैं।

उनके बाद विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि 2014 में मनोहर लाल के मुख्यमंत्री बनने के बाद हुआ विकास किसी से छिपा नहीं है लेकिन वे खट्टर का कोई एक उल्लेखनीय विकास कार्य बता नहीं सके। संघ-भाजपा के एजेंडे पर आते हुए उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर और जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने को उपलब्धि बताया। बताया कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है, कार्यकर्ता आरएसएस विचारधारा के साथ पार्टी को मजबूत करने में जुटे हैं। मेयर रेणु बाला गुप्ता ने कुपढ़ों की तरह कहा कि 2014 के बाद राष्ट्रीयता की भावना जन-जन में प्रवाहित हुई है। प्रधानमंत्री ने महिलाओं, युवाओं, किसानों के लिये अनेक योजनाएं क्रियान्विति की है। कहा तो उन्होंने मोदी की शान में था लेकिन दुनिया जानती है कि मोदी ने महिला, युवा और किसानों को बर्बाद करने का ही काम किया है।

जिला भाजपा अध्यक्ष प्रवीण लाठर ने हर गांव, बूथ तक पार्टी को मजबूत करने का संकल्प जताया। इस मौके पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी डा अशोक कुमार, विधायक जगमोहन आनंद, जिला प्रभारी भारत भूषण जुआल, मंडल अध्यक्ष गौरव खुराना, नवीन बतरा, मोहन लोधी, सांसद प्रतिनिधि कविंद्र राणा, अमर ठक्कर, बृज गुप्ता, मेघा भंडारी, कविंद्र राणा आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम में मंच संचालन पूर्व विधायक रमेश कश्यप ने किया।

  Article "tagged" as:
bjp
  Categories:
view more articles

About Article Author

Mazdoor Morcha
Mazdoor Morcha

View More Articles