सैनिक कॉलोनी पर विधायक धनेश अदलखा की गिद्ध दृष्टि

सैनिक कॉलोनी पर विधायक धनेश अदलखा की गिद्ध दृष्टि
January 06 00:42 2025

फरीदाबाद (मज़दूर मोर्चा) हरियाणा फॅार्मेसी काउंसिल के पांच करोड़ रुपये हड़पने का आरोपी धनेश अदलखा विधायक बनने के साथ ही सैनिक कॉलोनी पर खास मेहरबान नजर आ रहा है। पहले, सैनिक कॉलोनी को एनआईटी से जोडऩे के लिए एलिवेटेड रोड बनाए जाने की सीएम से मांग की, फिर कॉलोनी में सड़क, पानी, बिजली दुरुस्त कराने के लिए नगर निगम पर दबाव बनाया। विधायक के कारण नगर निगम अमले ने आनन फानन वहां ट्यूबवेल की बोरिंग भी करवा दी और विधायक ने उद्घाटन भी कर दिया। अदलखा की मेहरबानी की वजह वहां से जमकर वोट मिलना बताया जा रहा है जबकि अंदरखाने चर्चा है कि भूमाफिया धनेश की नजर यहां की खाली पड़ी बेशकीमती जमीन पर है।

विवादित जमीनों पर कब्जा करने में माहिर धनेश अदलखा विधायक बनने के साथ ही बडख़ल विधानसभा क्षेत्र की बेशकीमती प्रॉपर्टियों पर भी नजर गड़ाए है। इन प्रॉपर्टियों के दाम बढ़ाने के उद्देश्य से उनके आसपास मूलभूत सुविधाएं बढ़ाने के लिए खुलेआम सत्ता का दुरुपयोग कर रहा है। सुधी पाठकों को मालूम होगा कि सैनिक कॉलोनी की करीब चार एकड़ जमीन अनअप्रूव्ड एरिया में आती है, यानी अवैध होने के कारण नगर निगम इसमें कोई विकास कार्य नहीं कर सकता। इसी चार एकड़ जमीन में नगर निगम के फर्जी डिग्री वाले एक्सईएन पद्मभूषण नासवा के परिवार की अवैध बहुमंजिला इमारत सहित करीब तीस अवैध इमारतें हैं। भरोसेमंद सूत्रों के अनुसार धनेश अदलखा भी इस चार एकड़ जमीन के खाली हिस्से पर गिद्ध दृष्टि है। यही नहीं बिल्डर से मिलकर कॉलोनी के अंदर भी नए फ्लैट और कॉलोनियां काटे जाने की चर्चा अदंरखाने चल रही है। इन फ्लैटों को पास कराने और अनअप्रूव्ड इलाके को स्वीकृति दिलाने के लिए अदलखा सत्ता का इस्तेमाल करेगा, इसके एवज में उसे भी मोटी हिस्सापत्ती मिलेगी।

कहीं भी प्रॉपर्टी के दाम तब ही अच्छे मिलते हैं जब वहां बिजली, पानी, सड़क, पार्क आदि की अच्छी सुविधा हो, इसके तहत ही धनेश सैनिक कॉलोनी में लगातार विकास करवा रहा है। यहां तक कि उसके इशारे पर कालोनी के चार एकड़ अन अप्रूव्ड एरिया में नगर निगम ने रोड नेटवर्क बनाने के साथ नाला, सीवर, स्ट्रीट लाइट आदि की सुविधाएं भी दे दी हैं, यह तब है जब नगर निगम के अपने क्षेत्र में आने वाली सैकड़ों सड़कें टूटी पड़ी हैं, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था राम भरोसे है, पार्क और स्ट्रीट लाइटों का हाल भी बहुत अच्छा नहीं है। जनता के वोट से विधायक बने धनेश को भी इन इलाकों की समस्याएं नहीं दिखतीं, उन्हें तो वह जगहें ही नजर आती हैं जहां से मोटी कमाई हो सके।

सैनिक कॉलोनी में पेयजल की समस्या सुलझाने के लिए धनेश अदलखा के हुक्म पर टयूबवेल लग भी गया और मंगलवार को चालू भी कर दिया गया। सोमवार को ट्यूबवेल का काम देखने पहुंचे अदलखा ने सैनिक कॉलोनी वासियों से कॉलोनी में सभी सुविधाएं उलपब्ध कराने का वादा किया। जानकार बताते हैं कि धनेश अदलखा सैनिक कॉलोनी में तो प्रॉपर्टी पर नजर गड़ाए ही है नहरपार, खासकर हूडा के सेक्टरों में भी उसकी बहुत सारी बेनामी संपत्तियां हैं। उसके राजनीतिक गुरु केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गूजर की तो अनगिनत प्रॉपर्टियां, कॉलोनी, फ्लैट और प्लॉट उस इलाके में हैं। इन सभी प्रॉपर्टियों के दाम बढ़ाने के लिए ही अदलखा सैनिक कालोनी के विकास और ईस्ट वेस्ट कनेक्टिविटी की लगातार घोषणाएं कर रहा है। कनेक्टिविटी हो या न हो लेकिन नगर निगम, एफएमडीए द्वारा इनका प्रचार करवाने से इन इलाकों की प्रॉपर्टी के दाम और तेजी से बढ़ेंगे जिसका फायदा अदलखा, अन्य भाजपाई, दलाल, भूमाफिया और प्रॉपर्टी डीलरों को होने वाला है।

  Article "tagged" as:
  Categories:
view more articles

About Article Author

Mazdoor Morcha
Mazdoor Morcha

View More Articles