फऱीदाबाद (मज़दूर मोर्चा) तिगांव के विधायक राजेश नागर के मंत्री बनते ही मामा राजपाल का यमुना रेती अवैध खनन ठप हो हो गया है। क्षेत्र में अवैध खनन वाले वाहनों पर रोक लगने से आम जन राहत महसूस कर रहा है।
पुलिस दलालों की सूची में सर्वोपरि मामा राजपाल ने भांजे कृष्णपाल गूजर के सत्ता मे आने के साथ ही यमुना में अवैध खनन, अवैध निर्माण, कब्जेदारी, बिना परमिट बसों के संचालन सहित अनेक गैर वाजिब काम बड़े पैमाने पर शुरू कर दिए थे। बीते करीब दस साल से तिगांव क्षेत्र में यमुना नदी से रेती का अवैध खनन उनके संरक्षण में बेरोकटोक चल रहा था। उनके ट्रैक्टर-ट्रॉली रात तीन-साढ़े तीन बजे से ही अवैध खनन में लग जाते और सड़कों पर बेपरवाह होकर दौड़ते। इन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के नीेचे आकर अनेकों लोग दुर्घटनाग्रस्त हुए, इनमें इक्का-दुक्का की मौत भी हो चुकी है, अनेक जीवन भर के लिए अपाहिज हो गए, कई बार तो अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाने वाली पुलिस टीम पर हमला भी किया गया। लेकिन पुलिस की हिम्मत मामा के इन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने की कभी नहीं हो पाई।
राजेश नागर राज्य के खाद्य एवं रसद आपूर्ति बनने के बाद सभी लाभार्थियों को पूरा राशन उपलब्ध करा पाएंगे, या जनता को कोई दूसरा तोहफा देंगे यह तो भविष्य तय करेगा लेकिन रेती के अवैध कारोबार और सड़क पर यमदूत की तरह दौड़ते रेती लादने वाले ट्रैक्टर-ट्राली से क्षेत्र की जनता को निजात मिल गई है।