जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प

जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प
March 30 20:09 2026

करनाल। करनाल के घरौड़ा क्षेत्र के मुंडोगढ़ी गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से 12 लोग घायल हो गए। घायलों में दो से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना गुरुवार सुबह उस समय हुई जब दोनों पक्ष के लोग खेत पर कब्जा करने के लिए पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद फायरिंग और लाठी डंडों से हमला शुरू हो गया। झड़प के दौरान एक युवक ने दूसरे पक्ष के व्यक्ति साबिर के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मारपीट में घायल हुए आलीशान के चाचा वाहिद (65) को गंभीर हालत में घरौड़ा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि मुंडोगढ़ी गांव के सगे भाई सुलेमान और आलीशान के बीच पुश्तैनी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। ग्रामीणों के अनुसार, सुलेमान के चाचा के बेटे लियाकत अली ने करीब 15 साल पहले यह जमीन कादियान नाम के व्यक्ति को बेच दी थी।

कादियान ने करीब तीन साल पहले वही जमीन आलीशान को बेच दी, जिसके बाद से विवाद गहराता चला गया। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे कादियान और आलीशान पक्ष के लोग ट्रैक्टर लेकर खेत पर कब्जा लेने पहुंचे। जैसे ही ट्रैक्टर से खेत जोतना शुरू किया गया, सुलेमान पक्ष के लोगों ने विरोध किया और देखते ही देखते दोनों पक्षों में झड़प शुरू हो गई। इस घटना में तालीम (46), मंसूद (36), गुलजार (48), वाजिद (38), जुनेद (22) पुत्र दाऊद और अल्ताफ सहित करीब 12 लोग घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी घरौड़ा और सीआईए टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। जांच अधिकारी एएसआई प्रवीन कुमार ने बताया कि मामला जमीनी विवाद से जुड़ा है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

view more articles

About Article Author

Mazdoor Morcha
Mazdoor Morcha

View More Articles