प्रशासनिक बेशर्मी की इंतहा

प्रशासनिक बेशर्मी की इंतहा
July 29 17:38 2022

ईएसआई अस्पताल सेक्टर 8 के दोनों गेटों के सामने बीते 6 माह से सडक़ खुदी पड़ी है

फरीदाबाद (म.मो.) मथुरा रोड स्थित वाइएमसीए से बाइपास की ओर जाने वाली सेक्टर 8-9 के बीच दो किलो मीटर लम्बी सडक़ का कुछ भाग बीते करीब ढाई साल से खुदा पड़ा है। इसी सडक़ पर बाइपास के निकट ईएसआई अस्पताल भी स्थित है। करीब 6 माह पूर्व अति उत्साह में आकर एफएमडीए ने यह सडक़ अस्पताल के सामने से ही इस तरह खोद डाली कि कोई भी वाहन तो क्या साइकिल व रिक्शा तक भी किसी भी गेट से इसमें प्रवेश न कर सके। हां पैदल चलने वाले जैसे-तैसे बचते-बचाते जरूर अस्पताल में प्रवेश कर पाते हैं।
अस्पताल प्रशासन ने इस बाबत सम्बन्धित अधिकारियों को कई बार पत्र लिखे हैं। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अखिल महाजन ने एफएमडीए के तत्कालीन सीईओ अनिल मलिक आईएएस को मिलकर भी इस समस्या का समाधान करने के लिये कई बार निवेदन किया, लेकिन किसी पर कोई असर नहीं।

मजबूरी में अस्पताल कर्मचारियों ने कुछ मिट्टी, रोड़े-पत्थर आदि डालकर कुछ काम चलाऊ सा रास्ता बनाया है जिसके द्वारा छोटे वाहन जैसे-तैसे आवागमन कर पा रहे हैं। लेकिन रोगियों को लाने, ले जाने के लिये आवश्यक एम्बुलेंस गाड़ी यहां से नहीं गुजर सकती। इसी को कहते हैं अफसरशाही की बेशर्मी की इन्तहा।

  Article "tagged" as:
  Categories:
view more articles

About Article Author

Mazdoor Morcha
Mazdoor Morcha

View More Articles