दिल्ली ब्यूरो देश में कोई भी योजना शुरू करने से पहले मोदी यह देखते हैं कि उसके जरिये उनका कितना प्रचार एवं प्रोपेगेंडा हो पाएगा। 80 करोड़ लोगों को अनाज बांटने के नाम पर जो थैला उन्हें दिया जाता है उस पर मोदी का चित्र अनिवार्य होता है। इसी प्रकार ‘आयुष्मान भारत’ नामक योजना के पीछे भी मोदी का प्रोपेगेंडा ही रहता है। जो राज्य इस प्रोपेगेंडे को तैयार नहीं उन्हें मोदी जी केन्द्रीय ग्रांट नहीं देते।
इससे परेशान दिल्ली विधानसभा में भाजपाई विधायक विजेन्द्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री आतिशी पर आरोप लगाया कि उन्होंने ‘आयुष्मान भारत’ योजना को अस्वीकार करके दिल्ली को 2,406 करोड़ रुपये से वंचित किया है। पत्र में वे लिखते हैं कि इस योजना को तुरन्त स्वीकार करके केन्द्रीय ग्रांट को प्राप्त करके जनता के हित में लगाएं। सवाल यह पैदा होता है कि जब दिल्ली की ‘आप’ सरकार अपने नागरिकों को ऐसी बेहतरीन चिकित्सा सेवा दे रही है जिसमें न पांच लाख की सीमा है न पांच करोड़ की तो केन्द्र सरकार उनकी उक्त ग्रांट क्यों रोके बैठी है? सर्वविदित है कि दिल्ली के नागरिकों को हर प्रकार की चिकित्सा सेवा पूरी तरह से मुफ्त है। हर प्रकार के टेस्ट व दवाएं मुफ्त उपलब्ध कराने के साथ-साथ आवश्यकता पडऩे पर किसी भी कॉर्पाेरेट अस्पताल में दिल्ली सरकार की ओर से मुफ्त इलाज कराया जाता है। नागरिकों को मुफ्त मिलने वाली इस सुविधा का पूरा भुगतान दिल्ली सरकार की ओर से किया जाता है, जाहिर है कि इस पर सरकार का हजारों करोड़ खर्च हो जाता है।
दिल्ली सरकार की इस चिकित्सा सेवा का लाभ हरियाणा, यूपी, बिहार आदि अन्य राज्यों के मरीज़ भी सेंधमारी करके उठा जाते हैं। यदि मोदी की ‘आयुष्मान’ भारत सेवा इतनी ही बढिय़ा है तो अन्य राज्यों के नागरिक यहां घुसपैठ करने क्यों पहुंचते हैं? वास्तव में मोदी का ‘आयुष्मान भारत’ एक बहुत बड़ा धोखा है। इसका मकसद जनता की सेवा नहीं बल्कि मोदी का ढोल पीटना है। इसकी हकीकत सभी भाजपा शासित राज्यों में भली-भांति देखी जा सकती है। इस योजना के द्वारा मरीज़ भले ही धक्के खाते घूमते रहें लेकिन घोटालेबाजों ने इससे लूट कमाई के अच्छे-खासे उदाहरण प्रस्तुत किए हैं। और तो और सरकारी संस्थान कैग ने भी इसमें कई घोटाले पकड़ कर सार्वजनिक किए हैं।
यदि भाजपाई नेता विजेन्द्र गुप्ता मोदी-भक्ति की बजाय जनता की भलाई को प्राथमिकता देते हैं तो केन्द्र सरकार से अनुरोध करें कि दिल्ली सरकार का जो पैसा वह रोके बैठी है उसे तुरन्त ब्याज सहित ‘आप’ सरकार को अदा करे।