मास्टर स्ट्राइक : नींबू-मिर्ची की सर्जिकल सर्जरी

मास्टर स्ट्राइक : नींबू-मिर्ची की सर्जिकल सर्जरी
May 11 14:36 2025

अजय रोहिला
2020 में भारत ने टिकटॉक को चीनी दीवार के पार खदेड़ा, और 2025 में पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तानी इंस्टाग्राम अकाउंट्स पर डिजिटल सर्जिकल स्ट्राइक कर दी।
हानिया आमिर, माहिरा खान, अली जफर, अरशद नदीम—सबके अकाउंट्स पर ठप्पा, “भारत में बैन!” मीडिया में तूफान मच गया। चैनल्स ने रात 9 बजे की डिबेट का टाइटल रखा, “नींबू-मिर्ची सर्जिकल स्ट्राइक : आज रात खत्म होगा दुश्मन पाकिस्तान!” एंकर चिल्लाए, “मास्टर स्ट्रोक! रील्स बंद, पाकिस्तान की बोलती बंद!” पर दुश्मन अभी भी डटा था।

तभी निंदानाथ जी ने हुंकार भरी, “सारे बॉर्डर पर नींबू-मिर्ची लटकाओ, बागेश्वर से पर्चा निकलवाओ, और रामदेव, सिरी सिरी , जग्गी वासुदेव के साथ यज्ञ करवाओ।
ये सर्जिकल स्ट्राइक इंस्टा को इतिहास और पाकिस्तान को मजाक बनाएगी! “नींबू की कीमतें चांद को लपेटकर मंगल पहुंच गईं। मिर्ची की ब्लैक मार्केट में ऐसी बिक्री कि मस्क ने ट्वीट किया, “नींबू स्टॉक में इंवेस्ट करूं?” बागेश्वर धाम में पर्चा लाइन इतनी लंबी कि लोग इसे कोई देवता दर्शन समझ बैठे। पर्चे पर लिखा, “डिजिटल दुश्मन का सर्वनाश, नींबू का प्रकाश, पाकिस्तान का तमाश!” रामदेव बाबा ने खुलासा किया कि उन्होंने ‘पतंजलि आयुर्वेदिक राफेल’ ईजाद किया—हल्दी-तुलसी का फ्यूल, नींबू-मिर्ची मिसाइलों से लैस।

बोले, “ये राफेल रील्स उखाड़ेगा, और पाकिस्तान की हेकड़ी को चटनी बनाएगा!” मीडिया ने हेडलाइन दी, “आयुर्वेदिक मास्टर स्ट्रोक पाकिस्तान की रील्स रिटायर!” बॉर्डर पर पतंजलि घी से हवन। धुआं इतना कि चीनी सैटेलाइट ने बॉर्डर को दिल्ली की सर्दी समझ लिया। सिरी सिरी ने सुदर्शन क्रिया से दुश्मनों का मन शांत करने की कोशिश की, पर पाकिस्तान ने लाउडस्पीकर पर “चांदनी रात में भांगड़ा” चला दिया। जग्गी वासुदेव ने योग सेशन बुलाया, पर सैनिक बोले, “गुरुजी, पहले हानिया का इंस्टा बंद!” मीडिया ने डिबेट में पाकिस्तान की खिल्ली उड़ाई, “नींबू-मिर्ची के आगे लहसुन की माला बेकार, पाकिस्तान का इंस्टा अब बंजर! “निंदानाथ जी का दावा, “आयुर्वेदिक राफेल और नींबू-मिर्ची से इंस्टा का सफाया, पाकिस्तान का मखौल!” जनता हैरान—करोड़ों के राफेल खरीदे, फिर हल्दी वाला राफेल? रामदेव ने ‘पतंजलि नींबू सर्जिकल स्प्रे’ लॉन्च किया। दावा? “एक छींटा, दुश्मन का अकाउंट और हौसला डिलीट!” मीडिया चिल्लाया, “पतंजलि का मास्टर स्ट्रोक: पाकिस्तान की रील्स का राग अलाप बंद! “पाकिस्तान ने लहसुन टांगा, चीन ने Douyin पर “नींबू डांस” शुरू किया। पर भारत की सर्जिकल स्ट्राइक अडिग। माहिरा की स्टोरीज गायब, अली जफर की रील्स ब्लॉक, अरशद का जेवलिन जमीन पर! फवाद खान का अकाउंट चालू, शायद उनकी आंखें आयुर्वेदिक राफेल को रिझा गईं।

यज्ञ का धुआं, नींबू-मिर्ची का जादू, बागेश्वर का पर्चा, और मीडिया का शोर—”आज रात पाकिस्तान खत्म!” दुश्मन ने ट्वीट किया, “बस, हमारी रील्स, वाइफाइ, और इज्जत गई!” आयुर्वेदिक राफेल की सर्जिकल स्ट्राइक कामयाब! अब सवाल—अगली बार दुश्मन आए, तो राफेल उड़ाएं, इंस्टा ब्लॉक करें, या नींबू छिड़कें? निंदानाथ जी बोले, “सब करो, और पतंजलि का मिर्ची ड्रोन लॉन्च कर पाकिस्तान की चटनी बनाओ!”

  Article "tagged" as:
  Categories:
view more articles

About Article Author

Mazdoor Morcha
Mazdoor Morcha

View More Articles