कचरा ट्रांसफर स्टेशन, मीट,मच्छी मार्किट भी शहर से बाहर

कचरा ट्रांसफर स्टेशन, मीट,मच्छी मार्किट भी शहर से बाहर
December 07 16:34 2025

करनाल (जेके शर्मा) गुरूवार को महापौर रेनू बाला गुप्ता ने समीक्षा बैठक कर विभिन्न बिन्दुओं को लेकर नगर निगम अधिकारियों के साथ चर्चा की। इनमें कर्ण कॉमर्शियल सेंटर, पिंगली डेयरी कॉम्पलैक्स, कचरा ट्रांसफर स्टेशन, पार्किंग क्षेत्र, सामुदायिक केन्द्र, किराए पर दी गई दुकानें, डोग शैल्टर होम, मीट, मच्छी मार्किट तथा अवैध कब्जे जैसे बिन्दू शामिल थे। कर्ण कॉमर्शियल सेंटर की करवाएं निशानदेही- महापौर ने नायब तहसीलदार राम कुमार को निर्देश दिए कि कर्ण कॉमर्शियल सेंटर की निशानदेही का कार्य जल्द पूरा करें। इस दौरान कोई कब्जा पाया जाता है, तो उसे तुरंत हटावाया जाए, ताकि कर्ण कॉमर्शियल सेंटर परियोजना को शुरू करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि निगम सीमा में सरकारी जमीन पर कोई भी अवैध कब्जा न हो। अगर कहीं है, तो हटावाया जाए और उस जगह की तारबंदी करवाई जाए, ताकि कोई व्यक्ति दोबारा कब्जा न कर पाए। उन्होंने फूसगढ़ गांव में मौजूद नगर निगम की जमीन की भी निशानदेही करवाने के निर्देश दिए।

उन्होंने सचिव राम करन भारद्वाज को निर्देश दिए कि नगर निगम की पुरानी सब्जी मंडी, पुराने नगर निगम कार्यालय व जरनैली कोठी क्षेत्र में मौजूद पार्किंग स्थल तथा सेक्टर-9, सेक्टर-13 एक्सटेंशन, सेक्टर-14 व हांसी रोड स्थित सरदार मिल्खा सिंह सामुदायिक केन्द्र को लीज पर दिया जाए। उन्होंने कहा कि अगर किसी सामुदायिक केन्द्र की मरम्मत की जरूरत है, तो उसे भी करवा लिया जाए।
उन्होंने सचिव को किराए पर दी गई दुकानों से रिकवरी करने के भी निर्देश दिए। इस पर सचिव ने बताया कि 119 दुकानों की सूची तैयार की गई थी, जो समय पर किराया जमा नहीं करवा रहे। इनमें से 16 दुकानें सील भी की जा चुकी हैं और 12 किराएदारों द्वारा किराए का भुगतान कर दिया गया है। शेष 91 दुकानों के किराए का भुगतान करने के लिए किराएदारों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। अगर यह किराया जमा नहीं करवाते, तो इन्हें भी सील कर किराए की वसूली की जाएगी।

मेयर ने उप निगमायुक्त अभय सिंह को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द पशु डेयरियों को शहर से बाहर कर पिंगली डेयरी कॉम्पलैक्स में स्थानांतरित किया जाए। इसके लिए जल्द ही सीलिंग कार्रवाई को शुरू करें। इसके अतिरिक्त डेयरी प्लॉट लेने के लिए जो आवेदन आए हैं, उनका ड्रा निकाला जाए। उन्होंने डेयरी प्लॉट धारकों से रिकवरी करने के भी निर्देश दिए। इस पर उप निगमायुक्त ने बताया कि डेयरी प्लॉट धारकों से करीब 2 करोड़ 93 लाख रुपये की रिकवरी की जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि कॉम्पलैक्स में 53 डेयरी शिफ्ट भी हो चुकी हैं। कॉम्पलैक्स की बाउंडरी वाल के लिए टैण्डर लगाया जा चुका है। प्लॉटों में मिट्टी भी भरवाई जा रही है।

महापौर ने अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार को निर्देश दिए कि ताऊ देवी लाल चौक स्थित कचरा ट्रांसफर स्टेशन को स्थानांतरित करवाया जाए। इसके लिए नेवल हवाई अड्डो के पास गांव बुढाखेड़ा की जमीन को चिन्हित कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि ट्रांसफर स्टेशन को शिफ्ट करने के लिए सुगम स्वच्छता एजेंसी को नोटिस जारी कर जल्द से जल्द ट्रांसफर स्टेशन को स्थानांतरित करने के लिए कहा जाए।

उन्होंने शहर में चल रही मीट व मच्छी मार्किट को शहर से बाहर स्थानांतरित करने के भी निर्देश दिए। इसके लिए बलड़ी बाईपास पर शमशान घाट के पास एक जगह की तलाश की गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह के बाजार शहर से बाहर होने चाहिएं, ताकि रिहायशी क्षेत्रों को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि डोग शैल्टर होम बनाने को लेकर जो जगहें देखी गई हैं, उन्हें जल्द निर्धारित किया जाए।

  Article "tagged" as:
  Categories:
view more articles

About Article Author

Mazdoor Morcha
Mazdoor Morcha

View More Articles