हरियाणा और महाराष्ट्र के बाद दिल्ली में क्या?

हरियाणा और महाराष्ट्र के बाद दिल्ली में क्या?
January 28 01:34 2025

अनूप चौधरी
चंडीगढ़। महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड के बाद हो रहे दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने अनेकों नई-नई सेवाएं मुफ्त में देने की घोषणा की है। चुनाव विश्लेषक और राजनीतिक जानकारी रखने वाले अखबारों में लेख लिख कर बता रहे हैं कि भाजपा की स्थिति में दिल्ली में चमत्कारिक सुधार नहीं हो रहा है। भाजपा चुनाव जीतने की उम्मीद तभी कर सकती है, जब कांग्रेस पार्टी उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन करे। इसके बावजूद भाजपा के नेता दावा कर रहे हैं कि इस बार दिल्ली में भाजपा को जीत मिलेगी। भाजपा के नेता तमाम अनुमानों को खारिज करते हुए कह रहे हैं कि मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और महाराष्ट्र में भी कहा जा रहा था कि भाजपा हार रही है लेकिन भाजपा पहले से ज्यादा वोट और सीटों के साथ जीती। धनबल कहें या कि चुनावी धांधली पर दोनों राज्यों में चमत्कार हुआ था। भाजपा के हारने और कांग्रेस या उसके गठबंधन की बड़ी जीत का अनुमान सभी लगा रहे थे लेकिन नतीजे तमाम अनुमानों के विपरीत आए।

भाजपा के नेता ऐसे ही चमत्कार का दावा दिल्ली में कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली चुनाव के लिए पार्टी का घोषणापत्र दो किस्तों में जारी किया। ये इसलिए हुआ ताकि आप आदमी पार्र्टी के मुकाबले बेहतर और ज्यादा रेवडिय़ां बांटी जा सकें। इससे पहले ऐसा कभी नहीं हुआ कि दिल्ली जैसे छोटे और अर्ध राज्य में देश दुनिया की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी को अपना संकल्प पत्र दो बार जारी करना पड़े। दूसरा घोषणा पत्र चुनाव से ठीक पहले जारी करने की योजना है। यह सब आम आदमी पार्टी और कांग्रेस से रेवडिय़ां बांटने की होड़ में आगे निकलने के लिए किया जा रहा है।

मुफ्त की बिजली, पानी देने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मुफ्त की रेवड़ी’ कहा था और देश की अर्थव्यवस्था बरबाद होने की बात कही थी। दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ रही तीनों राष्ट्रीय पार्टियों यानी भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के अवसंरचनात्मक विकास, राजधानी के गौरव और दिल्ली के लोगों के सम्मानजनक जीवन को लेकर कोई वादा नहीं किया है। रोजगार, मंहगाई, स्वच्छ पीने का पानी, स्लम बस्तियों के लिए रोडमैप के बारे चुप्पी साध ली है, बल्कि मुफ्त की चीजों, सेवाओं और नकदी की बम्पर घोषणाएं की हैं। चुनाव कोई पार्टी जीते अधिकतर घोषणाएं पूरी नहीं होने वाली है।

दिल्ली की सबसे बड़ी समस्या प्रदूषण की है। हवा और पानी दोनों इस कदर प्रदूषित हैं कि लोगों के घरों में काले और पीले रंग के पानी की आपूर्ति होती है और हवा में ऐसा जहर घुला होता है कि नवंबर से जनवरी तक सांस लेना दूभर हो जाता है। अस्पतालों में सांस से जुड़े मरीजों की संख्या बेहिसाब बढ़ रही है। आम आदमी पार्टी समेत भाजपा और कांग्रेस ने भी वायु प्रदूषण समाप्त करने, यमुना की सफाई करने, पीने का साफ पानी 24 घंटे उपलब्ध कराने, सस्ती और 24 घंटे बिजली देने, सड़कों की हालत ठीक करने, दिल्ली को ट्रैफिक जाम से छुटकारा दिलाने, दिल्ली में विश्व स्तरीय स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी या रिसर्च सेंटर बनाने का वादा नहीं किया।

आप महिलाओं को मुफ्त बस पास दे रही हैं और युवाओं को भी मुफ्त बस पास देने और किरायेदार को मुफ्त बिजली देने का वादा किया है। पहले इमामों को 17 हजार रुपया महीने देते थे, अब पुजारियों व ग्रंथियों की बल्ले-बल्ले है पहले 17 हजार रुपये महीना था अब 18 हजार रुपया महीना देंगे। महिला सम्मान योजना के तहत हर महीने महिलाओं को 21 सौ रुपए देंगे। ऑटो ड्राइवरों को बेटी की शादी के लिए एक लाख रुपया देंगे। उनको वर्दी के लिए ढाई हजार रुपये दे रहे हैं और उनका 10 लाख रुपये का बीमा कराएंगे। संजीवनी योजना के तहत हर बुजुर्ग का इलाज मुफ्त कराएंगे और कॉलोनियों में प्राइवेट गार्ड रखने का खर्च आरडब्ल्यूए को सरकार देगी।

भाजपा ने अपने संकल्प पत्र के पहले हिस्से में रेवडिय़ां बांटने की होड़ जारी रखते हुए वायदा किया है कि पहले से आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार जो योजनाएं चला रही है वह सारी जारी रहेंगी। इसके अलावा रसोई गैस सिलेंडर पर पांच सौ रुपये की सब्सिडी देंगे। होली व दिवाली के मौके पर दो गैस सिलेंडर मुफ्त देंगे। गर्भवती महिलाओं को 21 हजार रुपये देंगे। महिलाओं को ढाई हजार रुपया महीना देंगे। 25 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा देंगे। झुग्गियों में अटल कैंटीन खोलेंगे, जिसमें पांच रुपये में भरपेट खाना मिलेगा। वरिष्ठ नागरिकों को 70 साल तक ढाई हजार और उससे ज्यादा उम्र के बुजुर्गों को तीन हजार रुपए पेंशन देंगे। ऐसा नहीं है कि घोषणाएं यहीं थमने वाली हैं। मुफ्त की वस्तुओं और सेवाओं की घोषणा किस्तों में मतदान के दिन तक चलती रहेंगी। जवाब में कांग्रेस ने मुफ्त बिजली बढ़ा कर तीन सौ यूनिट कर दी और कहा कि 25 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा देंगे। महिलाओं को ढाई हजार और युवाओं को साढ़े आठ हजार रुपया महीना देंगे। बाकी आप सरकार की सारी योजनाएं जारी
रखेंगे।

  Article "tagged" as:
  Categories:
view more articles

About Article Author

Mazdoor Morcha
Mazdoor Morcha

View More Articles