फरीदाबाद (मज़दूर मोर्चा) एनआईटी क्षेत्र से भाजपा टिकट पर नवनिर्वाचित विधायक सतीश फागना ने जनता को बहलाने तथा उनके लिए काम करने का नाटक करते हुए नगर निगम व एफएमडीए के अधिकारियों को डांटना-फटकारना शुरू कर दिया है। वे यह जता रहे हैं कि ये तमाम समस्याएं उनसे पूर्ववर्ती कांग्रेसी विधायक की देन हैं। फागना जी शायद यह नहीं जानते कि जनता इतनी बेवकूफ नहीं रह गई है जितना कि वे समझते हैं।
नगर निगम हो या एफएमडीए अथवा अन्य कोई विभाग, इनका संचालन सरकार द्वारा ही किया जाता है और बीते दस साल से यहां पर फागना जी की भाजपा सरकार की ही राजशाही चल रही थी। इसलिए बखूबी समझा जा सकता है कि उनके एनआईटी क्षेत्र सहित न केवल फरीदाबाद बल्कि पूरे हरियाणा की जो दुर्दशा हुई पड़ी है उसके लिए पूर्व कांग्रेसी विधायक नीरज व उन जैसे अन्य कांग्रेसी विधायक जिम्मेदार नहीं है। इस दुर्दशा का मूल कारण भाजपाई सरकार द्वारा मचाई गई लूटमार है।
सारी जनता भली-भांति समझती है कि अधिकारियों को हड़काने की नाटकबाजी करने से स्थिति में कोई सुधार होने वाला नहीं है। जब तक चोरों के हाथ में शासन व्यवस्था रहेगी और चोर बाजारी यूं ही चलती रहेगी तो यथास्थिति न केवल कायम रहेगी बल्कि बद से बदतर होती चली जाएगी।