फऱीदाबाद (मज़दूर मोर्चा) नगर निगम में मैडम के पांच लाख रुपये लहंगे की काफी चर्चा छायी हुई है। चर्चा है कि मैडम यानी निगमायुक्त मोना ए श्रीनिवास ने बीते दिनों दिल्ली के एक बड़े शोरूम से पांच लाख रुपये कीमत का ब्राइडल लहंगा खरीदा।
अब, आईएएस अधिकारी हैं, पांच लाख का लहंगा खरीद सकती हैं इसमें चर्चा वाली क्या बात है। चर्चा इस बात की नहीं है कि लहंगा पांच लाख का है बल्कि इसकी है कि उन्होंने इसका बिल एक्सईएन नितिन कादियान को थमा कर चुकाने को कहा। निगम कर्मियों के बीच दिन में सूखा नशा यानी गांजा फूंकने और रात में जेई के पैसे से दारू पीने के लिए बदनाम नितिन कादियान ने तुरंत ही मैडम की इच्छा पूरी करने के लिए एक ठेकेदार को बिल पकड़ा दिया। मरता क्या न करता अपने बिल पास कराने थे तो ठेकेदार ने लहंगे की कीमत चुका दी। मैडम ने यह लहंगा एक एचसीएस अधिकारी मिस्टर लांबा के बेटे की शादी पर आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए खरीदा था।
कार्यक्रम में वह और उनका चहेता एक्सईएन नितिन कादियान बन ठन कर शामिल भी हुए थे। सब कुछ हंसी खुशी निपट गया, लेकिन पांच लाख छोटी रकम तो होती नहीं तो ठेकेदार ने अगले बिल में अधिकारियों के लिए बंधे कमीशन से पांच लाख रुपये काट लिए।
बताया जा रहा है कि कमीशन की राशि नहीं मिलने से मैडम भड़क गईं और एक्सईएन नितिन कादियान को तलब कर नाराजगी जताते हुए किसी भी कीमत पर उनका हिस्सा पहुंचाने का फरमान सुना दिया। कादियान ने पहले समझाने का प्रयास किया कि लहंगे की कीमत की भरपाई के लिए न सिर्फ उनका बल्कि प्रत्येक स्तर का कमीशन काटा गया है लेकिन कोई असर नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि फिलहाल कमीशन की काटी गई राशि का मसला सुलझ नहीं पाया है क्योंकि ठेकेदार बंधे कमीशन के अलावा इतनी बड़ी रकम अपनी जेब से देेने को तैयार नहीं है। इस तरह के दो नंबरी लेनदेन के मामलों में न तो लेने वाला हां भरता है न देने वाला लेकिन चर्चाएं बिना कारण हों ऐसा मुमकिन नहीं होता, इन चर्चाओं में कितनी सच्चाई है यह तो चर्चा करने वाले ही जानते हैं लेकिन यह तो सत्य है कि मैडम एचसीएस अधिकारी मिस्टर लांबा के यहां शादी समारोह में शामिल हुई थीं।
जब दो सौ करोड़ घोटाले के आरोपी सतबीरा उर्फ कालू ठेकेदार से भाजपा नेता और अधिकारी लग्जरी गाडिय़ां ले सकते हैं, हवाई यात्रा के टिकट बुक करवा सकते हैं तो पांच लाख का लहंगा तो लाजिमी बनता है।