पंकज श्रीवास्तव बीजेपी की राज्यसभा सांसद प्रो. मेधा कुलकर्णी से हज़ार गुना सहमत। उनकी तरह बाक़ी प्रोफेसर भी ठान लें तो भारत को अगली पहली अप्रैल तक विश्वगुरु बनने से कोई रोक नहीं सकता!
प्रो.कुलकर्णी ने जो रास्ता दिखाया है, उस पर सभी बीजेपी सांसदों को चलना चाहिए। सारे बीजेपी सांसद हर हरे को भगवा में रँगने में जुट जायें तो देश का तुरंत भला हो जायेगा।
शुरुआत तुलसी के पत्तों से करें, फिर घर में जितने पौधों और आसपास के बगीचों में जितने हरे पत्ते हैं, उन्हें भगवा रंग में रँग डालें?। हर घर से भगवा रंग के डिब्बों का सहयोग माँगें।
भाजपा किसान मोर्चा को खेतों में तैनात किया जाये ताकि उसके कार्यकर्ता बालियों को हरा होने से रोकें। हो जायें तो तुरंत उन्हें भगवा रँग दें। घास की ज़्यादा चिंता नहीं करनी पड़ेगी। उसे तो भक्त ही चर जायेंगे।
तुलसीदास ने हनुमान जी ‘लाल देह लाली लसै’ बताया है..उनसे भगवा धारण करने की प्रार्थना करें। तुलसी दास वामपंथियों से मिल गये थे, वरना हनुमान जी को ‘भगवा देह’ लिखते! और सबसे बड़ी बात, चौराहों का हरी बत्ती ‘ट्रैफिक जेहाद’ है, उन्हें भी भगवा करने की माँग करें।