करनाल (रवि भाटिया) नीलोखेड़ी क्षेत्र में अवैध कालोनियों पर प्रशासन का पीला पंजा चला। इस कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा। इस बारे में जानकारी देते हुए जिला नगर योजनाकार ने बताया कि नीलोखेड़ी-तरावड़ी में 2 अवैध कॉलोनियों व 1 अवैध निर्माण के विरुद्ध तोडफोड़ की कार्रवाई की। पहली अवैध कॉलोनी सैकंडा रोड पर स्थित थी, जिसका एरिया लगभग 2 एकड़ था। इस कॉलोनी में एक चारदीवारी को ध्वस्त किया गया। इसी तरह एक अवैध निर्माण जो सैकंडा रोड पर स्थित था, जिसका एरिया लगभग 1 कनाल था। इस अवैध निर्माण की केवल चारदीवारी बनी हुई थी, जो ध्वस्त कर दी गई। दूसरी अवैध कॉलोनी रेलवे स्टेशन तरावड़ी के पास खाटू श्याम मंदिर के साथ स्थित थी, जिसका एरिया लगभग आधा एकड़ था। इस कॉलोनी में एक दुकान व कच्ची सड़कों को ध्वस्त किया गया। जिला नगर योजनाकार द्वारा लगातार तोडफोड़ की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ लगातार एफआईआर भी दर्ज करवाई जा रही है। समय-समय पर सूचित भी किया जा रहा है कि वे कोई भी अवैध कॉलोनियां व अवैध निर्माण को बढ़ावा न दें, अन्यथा उनके साथ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माण पर अंकुश लगाने के लिए सभी तरह की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आम जनता से एक बार फिर से अपील की है कि वह डीलरों के जाल में न फंसे और शहर में बनी वैध कॉलोनियों में प्लाट खरीद कर अपना घर बनाए तथा डीलरों से अपील की गई की वह टाउन एंड कंट्री प्लानिंग, हरियाणा, चंडीगढ़ से लाइसेंस लेकर कॉलोनी विकसित करें ताकि आम जनता को उसका फायदा मिले। अवैध कॉलोनियोंं में घर-जमीन खरीदना जीवन भर की कमाई लुटाने जैसा हो सकता है।