चौधर की लड़ाई में कांग्रेसियों में जूतम पैजार करनाल(सोनम)। हरियाणा में विधानसभा चुनाव मे मिली हार के बाद कांग्रेस पार्टी के नेताओं मेें हार के लिए एक दूसरे को जिम्मेदार ठहराने की बयानबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। जहां कांग्रेसी एक दूसरे की पोल खोलने में लगे है, वहीं भाजपा के नेता भी कांग्रेस की हार के कारण गिनवा कर चटखारे ले रहे हैं।
अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले कांग्रेस के पूर्व विधायक शमशेर सिंह गोगी ने तो हद ही कर दी। उन्होंने पूर्व सीएम भूपेन्द्र हुड्डा का नाम लिए बिना कहा कि पार्टी को अब चले हुए कारतूस को संदूक में बंद कर देना चाहिए और नए लोगों को पार्टी में मौका देना चाहिए। भूपेन्द्र हुड्डा के चहेते कांग्रेसी विधायक इंदुराज नरवाल द्वारा उन पर दिए गए बयान पर तल्ख टिप्पणी कर दी। करनाल में इंदुराज नरवाल द्वारा पूर्व विधायक की हार का ठीकरा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुडा पर फोडऩेे के आरोपों पर शेमशर सिह गोगी पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि छाझ तो बोले छन्नी भी बोले। इस बयान पर पूर्व विधायक गोगी ने इंदुराज पर तगड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इंदुराज नरवाल मेरा छोटा भाई है। पता नहीं किसे खुश करने के लिए उसने ऐसा बयान दिया है, उसे छाझ और छन्नी में फर्क नहीं पता। अगर अपनी आत्मा से पूछेगा तो छन्नी के पास तो वो खड़ा ही था। हमने तो ऐसा कांग्रेस के खिलाफ कोई काम नहीं किया जिसे हमें कोई छन्नी कहेगा। उन्होंने कहा मैं किसी के खिलाफ व्यक्तिगत बयानबाजी नहीं करता।
शमशेर गोगी ने कहा कि पार्टी को जो नुकसान करता वो कितना भी बड़ा आदमी क्यों ना हो। उसे पीछे हटा देना चाहिए। अब जिस हालत में हम पहुंच गए हैं। उन्होंने पार्टी को सुझाव दिया कि चले हुए कारतूसों को संदूक में बंद कर नए लोगों को मौका देना चाहिए। जो लोग पार्टी के संगठन को गांव-गांव में पहुंचा सकते हैं, ऐसे लोगों को मौका देना चाहिए। जो लोग बिना विधायकों के रात को मुख्यमंत्री बनकर सोते हैं, उन लोगों को नहीं बनना चाहिए। पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह ने भी कहा है कि संगठन अगर होता तो पार्टी के हालात ये नहीं होते। जिस पर गोगी ने कहा कि हम तो हार के अगले दिन से ही कह रहे हैं कि बीरेन्द्र सिंह ने तो अब कहा है।
उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान और पार्टी प्रभारी दीपक बावरिया द्वारा दिए गए बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। इन दोनों नेताओं के बयानों से पता चलता है कि दोनों का कितना आपसी तालमेल है। पूर्व कांग्रेस विधायक शमशेर सिंह गोगी ने असंध में मुख्यमंत्री की रैली को लेकर सीएम पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि असंध को जिला बनाने की मांग लंबे समय से उठ रही है और अगर मुख्यमंत्री आ रहे हैं तो उन्हें जाने से पहले असंध को जिला घोषित करे।
वैसे चुनाव से पहले भी कांग्रेस के नेताओं में एक दूसरों को नीचा दिखाकर अपने आपको बड़ा चौधरी होने का युद्ध छिड़ा हुआ था, लेकिन हार के बाद तो कांग्रेसी नेता एक दूसरे केे कपड़े उतारने पर उतारू हो रहे हैं। कांग्रेसियों के बीच चल रही बयानबाजी से कांग्रेस नेतृत्व के अस्तित्व पर सवाल खड़े हो रहे है। देखना है कि कांग्रेस हाईकमान इस दिशा में कठोर कदम उठा पाएगी।