फऱीदाबाद (मज़दूर मोर्चा) नगर निगम ने पहली बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कनाडा में रह रहे पृथी पाल सिंह- सुखजिंदर कौर दंपति का विवाह पंजीकरण प्रमाणपत्र जारी किया है।
दंपति की ओर से विवाह पंजीकरण का आवेदन करने वाले वकील नरेंद्र छिल्लर ने बताया कि सेक्टर 21 बी में रहने वाले पृथीपाल सिंह और सुखजिंदर कौर का विवाह सात सितंबर 2005 को श्री गुरु सिंह सभा गुरद्वारा होशियारपुर (पंजाब) में हुआ था। विवाह के बाद दंपति कनाडा में रह रहा है। उन्होंने नगर निगम फरीदाबाद में विवाह पंजीकरण प्रमाणपत्र जारी किए जाने का आवेदन किया था। नियमानुसार आवेदन करने वाले जोड़े को विवाह रजिस्ट्रार के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना अनिवार्य है लेकिन वैध कारणों से उपस्थित होने में असमर्थ होने की स्थिति में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपनी हाजिरी दर्ज करा सकते हैं। नरेंद्र छिल्लर ने विवाह रजिस्ट्रार संयुक्त निगमायुक्त गौरव अंतिल कार्यालय में आवेदन करने के साथ दंपति के विदेश में होने व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने में असमर्थता जताई। इसके बाद वीडियो कॉन्फ्रेंस पर उपस्थित होकर दोनों ने विवाह रजिस्ट्रार के प्रश्नों के जवाब दिए। प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रमाण पत्र जारी किया गया। छिल्लर के अनुसार यह संभवता देश का पहला प्रमाणपत्र है जो वीडियो कॉन्फेंसिंग प्रक्रिया से जारी किया गया है।